—Advertisement—

तिरंगे के रंग में रंगा डिंडौरी, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर; हर घर तिरंगा अभियान में निकली भव्य यात्रा 

एडीटर: Chetram Rajpoot August 11, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश देते नजर आए युवा और विद्यार्थी

डिंडौरी न्यूज । ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय डिंडौरी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा 10 से 17 अगस्त तक आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की कड़ी में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, खिलाड़ी, अधिकारी-कर्मचारी और आमजन यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

– कलेक्ट्रेट से शुरू हुई यात्रा, मुख्य मार्गों से होते हुए पहुंची रानी अवंती बाई चौक

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कलेक्ट्रेट प्रांगण स्थित खेल मैदान से हुआ। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस एवं जिला पंचायत सदस्य श्री प्रीतम मरावी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

यात्रा कलेक्ट्रेट से निकलकर रानी दुर्गावती चौराहा, उत्कृष्ट विद्यालय तिराहा, भारत माता चौक होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और जबलपुर बस स्टैंड स्थित रानी अवंती बाई चौक पहुंची। यहां राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

पूरे मार्ग में हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान शहरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

– युवा और विद्यार्थियों में दिखा खास उत्साह

तिरंगा यात्रा में युवाओं और विद्यार्थियों का विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा-युवतियां हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। तिरंगे की शान में आगे बढ़ते प्रतिभागियों ने देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश दिया।

‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों ने वातावरण में जोश और उत्साह भर दिया।

– जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

तिरंगा यात्रा में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य श्री प्रीतम मरावी, श्री भागीरथ उरैती, श्री संदीप तेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री मोहम्मद अहमद खान, कोतवाली थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर आयोजन को भव्य बनाया।

– राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : भाजपा जिलाध्यक्ष

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम ने देशभक्ति और भारत की महानता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस ने कहा कि हम सभी को मिलकर देश को महान बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में प्रत्येक नागरिक से सहभागी बनने का आह्वान किया।

– विभिन्न विभागों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में नगर परिषद, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग एवं खेल विभाग का विशेष सहयोग रहा। आयोजन में खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री मोहम्मद अहमद खान सहित श्री चेतराम अहिरवार, कु. आरती सोंधिया, श्री रोशन बाबू झारिया, श्रीमती संतोषी यादव, श्रीमती सुनीता धुर्वे, श्रीमती लक्ष्मी बनावल, श्री राजकुमार धुर्वे, श्री अजीत धुर्वे एवं श्री अजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment