—Advertisement—

सेवा सेतु शिविर बना समस्याओं के समाधान का मंच, 2550 आवेदन में 2321 का त्वरित निराकरण 

एडीटर: Chetram Rajpoot October 4, 2026

—Advertisement—

– ‘सरकार आपके द्वार’ पहुंची जनता के बीच, योजनाओं का लाभ देने के साथ मौके पर सुलझाईं जनसमस्याएं

डिंडौरी न्यूज । सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से प्रशासन ने आमजन तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने की पहल की। 3 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंडों तथा 4 अक्टूबर को दोनों नगरीय क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में अधिकारियों ने एक ही मंच पर नागरिकों की समस्याएं सुनीं, पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया और मौके पर निराकरण योग्य आवेदनों का त्वरित समाधान किया।

जिला मुख्यालय में शिविर का आयोजन आनंदम दीदी कैफे में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही कई समस्याओं का निराकरण किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निराकृत किया जाए तथा शेष प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने आगामी त्यौहारों को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

– जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के बीच बनें सेतु

शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसेवा के प्रति संकल्पित होकर कार्य करना है। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी आमजन और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाएं, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुगमता और शीघ्रता से हो सके। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। जो समस्याएं मौके पर निराकृत नहीं हो सकीं, उनके समाधान के लिए भी समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर आमजन और प्रशासन के बीच खुले संवाद का माध्यम बन रहे हैं और इनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

– 2550 आवेदन प्राप्त, 2321 का त्वरित निराकरण

सेवा सेतु अभियान के तहत 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित शिविरों में कुल करीब 2,550 आवेदन प्राप्त हुए। 3 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित शिविरों में लगभग 2,400 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से करीब 2,321 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, 4 अक्टूबर को जिले के नगरीय क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में करीब 150 आवेदन प्राप्त हुए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

– एक ही शिविर में कई योजनाओं का लाभ

सेवा सेतु शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। जल प्रदाय योजना के तहत 7 हितग्राहियों को नल कनेक्शन, राजस्व विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों के नामांतरण तथा 5 हितग्राहियों को प्रॉपर्टी आईडी का लाभ दिया गया।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 5 हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा 5 हितग्राहियों को संबल कार्ड, 5 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा बीएलसी योजना के तहत 10 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

– करंजिया में 573 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को विकासखंड करंजिया के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में कुल 573 लोगों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इनमें 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 217 पुरुष एवं 190 महिलाएं शामिल रहीं। इसके अलावा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 21, 5 से 18 वर्ष के 34 तथा 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 111 लोगों का पंजीयन किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में 407 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जांच, 117 लोगों की एनीमिया जांच तथा 50 लोगों की सिकल सेल जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के साथ आवश्यक विटामिन एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। वहीं, 120 लोगों की विभिन्न जांच तथा 135 लोगों की खखार एवं एक्स-रे जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जरूरतमंदों को 10 फूड बास्केट भी वितरित किए गए।

– आंखों की जांच के बाद 109 हितग्राहियों को चश्मे वितरित

स्वास्थ्य शिविर में 117 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार 109 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए। पात्र नागरिकों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ दिलाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान 3 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। वहीं जन्मजात विकृति अथवा दिव्यांगता से संबंधित 3 प्रकरण सामने आए, जिन्हें आवश्यक उपचार के लिए रेफर किया गया।

सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं, योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हुईं। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ लंबित जनसमस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

शिविर में डिंडौरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment