– तेज रफ्तार वाहन भीड़ को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा, आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में लगाई आग; शव सड़क पर रखकर किया विरोध प्रदर्शन
डिंडौरी न्यूज । जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर चौकी के झनकी गांव में शुक्रवार देर शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान तेज रफ्तार ईको कार ने जमकर कहर बरपाया। बेकाबू वाहन बाजार में मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसा और कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में सहजना गांव निवासी उत्तम धुर्वे उर्फ बिच्छू (लगभग 27 वर्ष) की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

– बाजार में मची अफरा-तफरी, भीड़ को रौंदते हुए आगे बढ़ा वाहन
जानकारी के अनुसार, झनकी गांव में प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। शुक्रवार देर शाम बाजार में भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर बाजार के भीतर घुस गई। वाहन लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद बाजार में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
इस दुर्घटना में सहजना निवासी उत्तम धुर्वे उर्फ बिच्छू वाहन की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत होने की जानकारी है। दुर्घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि तीन घायलों की हालत गंभीर है, जबकि पांच से छह अन्य घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

– हादसे के बाद भड़का आक्रोश, ईको कार को किया आग के हवाले
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों का आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार में आग लगा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन भी किया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक होने की खबर भी सामने आई है।
– पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रित करने के प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
झनकी के साप्ताहिक बाजार में हुए इस हादसे से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना में घायलों की वास्तविक संख्या, उनकी स्थिति तथा दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
