—Advertisement—

बंधुआ श्रम की रोकथाम को लेकर प्रशासन सक्रिय, पंचायत स्तर पर प्रवासी श्रमिकों का रिकॉर्ड होगा तैयार

एडीटर: Chetram Rajpoot September 28, 2026

—Advertisement—

– डिजिटल लेबर चौक एप एवं प्रवासी श्रमिक पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीयन कराने के निर्देश

डिंडौरी न्यूज। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला टॉस्क फोर्स समिति एवं जिला सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बंधुआ श्रमिकों की पहचान, बचाव, संरक्षण एवं अभियोजन की कार्यवाही से संबंधित संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बंधुआ श्रमिकों की पहचान एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं सचिव के माध्यम से बाहर मजदूरी के लिए जाने वाले श्रमिकों की जानकारी संधारित की जाए, ताकि आवश्यकता के अनुसार उनकी नियमित मॉनीटरिंग की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों की जानकारी पंचायत स्तर पर उपलब्ध रहने से उनके रोजगार एवं हितों से संबंधित आवश्यक कार्यवाही समय पर सुनिश्चित की जा सकेगी। कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी श्रमिक एकत्रित होते हैं, वहां पहुंचकर उन्हें शासन की श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं एवं रोजगार संबंधी प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उनके पंजीयन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों के लिए आवश्यकतानुसार विशेष शिविर आयोजित कर आधार ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र श्रमिकों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

बैठक में श्रमिकों के पंजीयन एवं रोजगार से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डिजिटल लेबर चौक एप एवं प्रवासी श्रमिक पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों का पंजीयन कराने की प्रक्रिया से अधिकारियों को अवगत कराया गया। श्रमिकों को शासकीय योजनाओं, रोजगार के अवसरों एवं उनके अधिकारों से जोड़ने पर जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि पात्र श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें योजनाओं एवं रोजगार संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में बंधुआ श्रमिकों की पहचान, बचाव एवं पुनर्वास के साथ नियमानुसार अभियोजन की कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा श्रमिक हितों से जुड़े प्रकरणों में विभागों के बीच प्रभावी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, बाल कल्याण समिति के सदस्य, मजदूर संघ के अध्यक्ष एवं सदस्य तथा जिला श्रम कार्यालय डिंडौरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment