—Advertisement—

प्रेस लिखी कार से शराब तस्करी! डिंडौरी में तीन आरोपी गिरफ्तार, 6.82 लाख का माल जब्त

एडीटर: Chetram Rajpoot October 26, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– 100.68 लीटर अवैध शराब के साथ टाटा टिगोर कार और दो मोबाइल जब्त; वाहन पर ‘प्रेस’ लिखवाकर परिवहन किए जाने का दावा, पत्रकारों में आक्रोश

डिंडौरी न्यूज।आदिवासी बाहुल्य डिंडौरी जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में शराब की अवैध आवाजाही की शिकायतों के बीच सोमवार, 26 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100.68 लीटर अवैध शराब, परिवहन में प्रयुक्त टाटा टिगोर कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 82 हजार 440 रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था। आरोप है कि वाहन पर प्रेस लिखवाकर शराब का परिवहन किया जा रहा था, ताकि किसी को संदेह न हो। इस घटनाक्रम के बाद पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार पेशे की पहचान और प्रतिष्ठा के दुरुपयोग को लेकर नाराजगी सामने आई है।

– प्रेस लिखी कार से शराब परिवहन का आरोप

जिले में शराब के अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। आरोप हैं कि डिंडौरी के अलावा शहडोल, जबलपुर, मंडला सहित आसपास के क्षेत्रों से भी शराब की खेप जिले में पहुंचाई जाती है। सोमवार को कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में जिस टाटा टिगोर कार को पकड़ा गया, उस पर प्रेस लिखा होने की बात सामने आई है। प्रेस का नाम इस्तेमाल कर कथित रूप से अवैध गतिविधियों को अंजाम देने की यह घटना पत्रकारिता की साख से जुड़ा गंभीर विषय है। पत्रकारों के लिए प्रेस की पहचान जनहित के मुद्दों को सामने लाने, प्रशासन से जवाबदेही तय कराने और समाज को तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने का माध्यम है। ऐसे में यदि इस पहचान का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में किया जाता है, तो इससे पूरे पेशे की छवि प्रभावित हो सकती है।

 

– मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी

कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जेल बिल्डिंग के बाजू में बायपास रोड स्थित लकड़ी टाल के पास सफेद रंग की टाटा टिगोर कार क्रमांक MP18ZF3825 में कुछ लोग अवैध शराब लेकर उसे खपाने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 100.68 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इसके बाद मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

– 6.82 लाख रुपये की सामग्री जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 55 हजार 440 रुपये है। वहीं, टाटा टिगोर कार की कीमत करीब 6 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार जब्त सामग्री का कुल मूल्य 6 लाख 82 हजार 440 रुपये आंका गया है।

कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नुतेंद्र धार्या, पिता केशव धार्या उम्र 41 वर्ष, कुमार शानू गुप्ता, पिता कौशल, उम्र 35 वर्ष, निवासी सोहागपुर, जिला शहडोल; तथा भूपेंद्र सिंह टांडिया, पिता बालक दास, उम्र 50 वर्ष, निवासी डिंडौरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।

– उक्त कार्यवाही में इनकी रही सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली श्री दुर्गा प्रसाद नगपुरे, एएसआई केशलाल मरावी, प्रा. आरक्षक देवेंद्र पटले, प्रधान आरक्षक सतेंद्र डेहरिया, श्याम तिवारी, हेमंत झरिया, जितेंद्र ठाकुर ,आशीष , विशाल पटेल,अवनीश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment