– कलेक्टर कार्यालय के पास स्थित एटीएम में वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
डिंडौरी न्यूज । जिला मुख्यालय डिंडौरी में एटीएम फ्रॉड गिरोह के सक्रिय होने की आशंका ने आम नागरिकों और बैंक ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कलेक्टर कार्यालय के समीप संचालित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम का है, जहां शातिर ठगों ने एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित युवक भूपेंद्र ने बताया कि वह एटीएम से राशि निकालने पहुंचा था। उस समय एटीएम सेंटर के भीतर कुछ युवक जानबूझकर भीड़भाड़ का माहौल बनाए हुए थे। जब उसने पैसे निकालने का प्रयास किया तो मशीन से राशि नहीं निकली। इसी दौरान पास खड़े एक युवक ने मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड लेकर ट्रांजेक्शन करने की कोशिश की।

भूपेंद्र के अनुसार, मदद करने का दिखावा करने वाले युवक ने बड़ी चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इस पूरे घटनाक्रम में लगभग चार लोगों का गिरोह शामिल था, जिनमें तीन युवक एटीएम के अंदर और एक बाहर निगरानी कर रहा था। कार्ड बदलने के बाद सभी संदिग्ध मौके से चले गए।
कुछ देर बाद भूपेंद्र के मोबाइल फोन पर खाते से 25 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश देखकर वह हैरान रह गया, क्योंकि उसे मशीन से कोई राशि प्राप्त नहीं हुई थी। संदेह होने पर उसने यूनियन बैंक पहुंचकर जानकारी ली, जहां पता चला कि उसका एटीएम कार्ड बदल दिया गया है और उसके खाते से धोखाधड़ी कर रकम निकाल ली गई है।
– कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित युवक ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम का निरीक्षण किया तथा मामले की जांच के लिए यूनियन बैंक से भी आवश्यक जानकारी मांगी है। पुलिस एटीएम सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान में जुट गई है।
– एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद जिला मुख्यालय में संचालित विभिन्न बैंकों के एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं। अधिकांश एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं हैं, जिससे असामाजिक तत्वों और ठगों को वारदात अंजाम देने का मौका मिल रहा है।

बैंकिंग नियमों के अनुसार, जब कोई ग्राहक एटीएम का उपयोग कर रहा हो तो दूसरे व्यक्ति को भीतर प्रवेश नहीं करना चाहिए, लेकिन अधिकांश एटीएम केंद्रों पर इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और निगरानी की कमी के कारण एटीएम फ्रॉड की घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
– ग्राहकों से सावधानी बरतने की अपील
पुलिस और बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें, अपना पिन नंबर किसी को न बताएं तथा ट्रांजेक्शन के दौरान सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल बैंक और पुलिस को दें। जिला मुख्यालय में हुई इस घटना ने बैंक सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश कब तक हो पाता है ।











