—Advertisement—

Dindori Crime News: रसगुल्ला बताकर थमा दिया सुअर मार बम, खाते ही युवक के मुंह में हुआ विस्फोट; इलाज के दौरान मौत

एडीटर: Chetram Rajpoot November 11, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– गांव के ही व्यक्ति पर धोखे से विस्फोटक खिलाने का आरोप, गंभीर चोटों के चलते नहीं बच सकी 35 वर्षीय राजेन्द्र की जान

– पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया मामला

WhatsApp

डिंडौरी न्यूज ।जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रिया छांटा में एक बेहद गंभीर और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां रसगुल्ला बताकर एक युवक को सुअर मार बम खिला दिया गया। युवक ने जैसे ही उसे रसगुल्ला समझकर मुंह में डाला और चबाया, विस्फोटक उसके मुंह में ही फट गया। विस्फोट से युवक के मुंह में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने गांव के ही रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

– आंगन में बैठकर कर रहे थे बातचीत, तभी दिया विस्फोटक

Advertisement

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के अनुसार मृतक राजेन्द्र बरौतिया (35 वर्ष), पिता स्व. फुल्लू लाल बरौतिया, मंगलवार शाम करीब सात बजे परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने घर के आंगन में आग जलाकर बैठा हुआ था। इसी दौरान रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और राजेन्द्र के पास बैठ गया। दोनों के बीच सामान्य बातचीत चल रही थी। बातचीत के दौरान ही रामभगत ने कथित तौर पर सुअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को खाने के लिए दे दिया। राजेन्द्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया। जैसे ही उसने उसे चबाया, विस्फोटक मुंह के अंदर ही फट गया। अचानक हुए विस्फोट से राजेन्द्र के मुंह में गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

– जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

WhatsApp

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल राजेन्द्र को ऑटो की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने राजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

– पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव, गांव में भय का माहौल

बुधवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल की मर्चुरी के बाहर मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। एक सामान्य बातचीत के दौरान इस तरह विस्फोटक दिए जाने और युवक की जान चले जाने की घटना से गांव में भय का माहौल है।

– आरोपी तक कैसे पहुंचा सुअर मार बम, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही इस पहलू की भी पड़ताल की जा रही है कि आरोपी के पास सुअर मार बम कहां से आया और उसे विस्फोटक किसने उपलब्ध कराया। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment