सीएमओ के अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम को घेरा, बोले- पिछली सरकार में मंडला, डिंडौरी और सिवनी के विकास की चिंता क्यों नहीं की? मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत, कहा- राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले नौकरशाहों की सरकार को जरूरत नहीं
डिंडौरी न्यूज । मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर शुरू हुई बयानबाजी अब राजनीतिक टकराव का रूप लेती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम द्वारा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर अप्रत्यक्ष रूप से उठाए गए सवालों के बाद अब सांसद ने तीखे अंदाज में पलटवार किया है। डिंडौरी पहुंचे सांसद कुलस्ते ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मरकाम की कार्यशैली, उनकी भूमिका और बयानबाजी के पीछे की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी पद पर बैठे अधिकारियों को राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए और यदि कोई अधिकारी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के तहत इस तरह की टिप्पणी कर रहा है तो यह उचित नहीं है।
मीडिया द्वारा लक्ष्मण सिंह मरकाम के बयान को लेकर सवाल किए जाने पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब वे पिछली सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सहायक के पद पर थे, तब उन्हें मंडला, डिंडौरी और सिवनी के विकास की चिंता क्यों नहीं हुई? उस समय इन क्षेत्रों के विकास को लेकर उन्होंने क्या पहल की? कुलस्ते ने मरकाम की पूर्व भूमिका का उल्लेख करते हुए उनकी मौजूदा बयानबाजी पर सवाल उठाए और कहा कि अब इस तरह के बयान देने का औचित्य समझ से परे है।
सांसद ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात भी कही। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार को ऐसे नौकरशाहों की जरूरत नहीं है, जो अपने पद की मर्यादा से बाहर जाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास करें। उनके मुताबिक प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है, न कि राजनीतिक बयानबाजी के जरिए किसी जनप्रतिनिधि को निशाना बनाना।
कुलस्ते ने इशारों ही इशारों में लक्ष्मण सिंह मरकाम की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर भी निशाना साधा। उन्होंने मरकाम की बयानबाजी को मंडला लोकसभा क्षेत्र से संभावित राजनीतिक दावेदारी से जोड़ते हुए सवाल उठाए। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई प्रत्यक्ष राजनीतिक घोषणा नहीं की, लेकिन उनके बयान से साफ है कि अब यह विवाद केवल विकास कार्यों की समीक्षा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जाने लगे हैं।
– सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी उठाए सवाल
इस पूरे विवाद के बीच सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रदेश सरकार को भी सवालों के घेरे में लिया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाते हुए यह संकेत दिया कि केवल विकास पर बयानबाजी करने से जमीनी स्तर पर बदलाव नहीं आता, बल्कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी है। इस तरह कुलस्ते ने एक ओर अधिकारी की बयानबाजी पर आपत्ति जताई, वहीं दूसरी ओर सरकार की कार्यप्रणाली पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।
– एक दिन पहले मरकाम ने उठाए थे विकास पर सवाल
गौरतलब है कि इस विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी, जब मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे थे। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने बिना नाम लिए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की भूमिका पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा था। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
अब सांसद कुलस्ते के तीखे पलटवार ने इस विवाद को और गरमा दिया है। विकास के मुद्दे से शुरू हुई यह बहस अब जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के बीच सीधे टकराव का रूप लेती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि विवाद में मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी की भूमिका और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायत और इस पूरे प्रकरण पर सरकार की प्रतिक्रिया क्या रहती है, इस पर राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों की नजर रहेगी।



