—Advertisement—

बरगांव में विशाल दिव्यांगजन एवं स्वास्थ्य शिविर, 13 हजार लोगों को मिला उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

एडीटर: Chetram Rajpoot November 29, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– 400 चिकित्सकों की टीम ने दी सेवाएं, दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, ट्राई साइकिल और सहायक उपकरण वितरित

– मंत्री संपतिया उइके ने नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने गांव-गांव शिविर लगाने पर दिया जोर

WhatsApp

 

डिंडौरी न्यूज । जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल, बरगांव में विशाल दिव्यांगजन एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 13 हजार लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, उपचार और निःशुल्क दवाइयों सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर की विशेष बात यह रही कि लगभग 400 चिकित्सकों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने एक साथ अपनी सेवाएं देकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। वहीं, दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, ट्राई साइकिल, बैटरी चलित ट्राई साइकिल एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

शिविर में हृदय रोग, अस्थि रोग, दंत चिकित्सा, शल्य चिकित्सा एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं। दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने के साथ ही जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई। एक ही परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, प्रमाण पत्र और सहायक सामग्री की सुविधा मिलने से जरूरतमंदों को अलग-अलग कार्यालयों और अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों, चिकित्सा सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

WhatsApp

– पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के जरूरतमंद नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करना है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव अथवा अन्य किसी कारण से शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, सहायक उपकरण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने चिकित्सकों, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों से सेवाभाव, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ जरूरतमंदों की सहायता करने का आग्रह किया।

– नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं : मंत्री संपतिया उइके

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों की सेवा करना शासन के साथ-साथ समाज की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके जीवन को सहज और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

मंत्री ने नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की खुशियों और सुरक्षा को भी प्रभावित करता है। नशामुक्त जीवन अपनाकर व्यक्ति स्वयं स्वस्थ रह सकता है और अपने परिवार को भी सुरक्षित एवं खुशहाल बना सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

– गांव-गांव दिव्यांगजनों को चिन्हित कर आयोजित हों शिविर : विधायक ओमप्रकाश धुर्वे

शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने बरगांव में आयोजित शिविर को क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद उपयोगी हैं।

विधायक ने सुझाव दिया कि दिव्यांगजनों को गांव-गांव में चिन्हित किया जाए और प्रत्येक विकासखंड एवं ग्रामीण क्षेत्र में समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएं। इससे दिव्यांगजनों को मेडिकल प्रमाण पत्र, सहायक उपकरण, उपचार और शासन की अन्य सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर निरंतर आयोजित होने चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके और उन्हें सुविधाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में भटकना न पड़े। विधायक ने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, आयोजकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

– जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शिविर में मध्यप्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री श्याम सिंह कुमरे, पूर्व आयुक्त एवं शिविर संयोजक श्री संदीप रजक, श्री राजकुमार मटाले, जनजाति कल्याण केंद्र के अध्यक्ष श्री मनोहर लाल साहू, शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, शहपुरा जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका आर्मो एवं एसडीएम श्री फरहान इरफान जामदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा सुनील कुमार बाजपेयी, जाम सिंह, श्याम वनवाले, शरद जैन, जयसच देवा, श्रीकृष्ण बिलैया, सैलेश मिश्रा, डॉ. पुष्पराज पटेल, डॉ. विजय प्रताप, डॉ. नीरज जैन, डॉ. पंकज, डॉ. अखिलेश, डॉ. अशोक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बरगांव में आयोजित इस विशाल शिविर के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं और दिव्यांगजन कल्याण की सुविधाएं पहुंचीं। शिविर ने यह भी रेखांकित किया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण हैं।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment