– शुक्रवार को अज्ञात हमलावर ने दिया वारदात को अंजाम, रविवार को परिजनों को लगी घटना की जानकारी
– समनापुर-अमरपुर पुलिस और बालाघाट की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जुटा रही साक्ष्य
डिंडौरी। जिले के समनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर के अमदरी टोला में एक वृद्ध महिला की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर वृद्ध महिला को मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृद्ध महिला की हत्या शुक्रवार को किए जाने की सूचना मिल रही है। बताया जा रहा है कि अज्ञात आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद घटनास्थल से फरार हो गया। वहीं, परिजनों को घटना की जानकारी रविवार को लगी। घटना का पता चलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद समनापुर और अमरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए बालाघाट से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर रही है, ताकि हत्या से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल वृद्ध महिला की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। इस वारदात के बाद अमरपुर क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है।



