होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

न्याय और शिक्षा का संगम : लोक अदालत में मामलों का निराकरण, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

akvlive.in

Published

– शिक्षा और न्याय से मजबूत होगा राष्ट्र – जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान

देपालपुर (इंदौर)। तहसील विधिक सेवा समिति एवं अधिवक्ता संघ देपालपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नेशनल लोक अदालत एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एक ओर जहां विभिन्न प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण कर लाखों रुपए के अवार्ड पारित किए गए, वहीं दूसरी ओर कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान एवं अध्यक्षता अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंतर सिंह मौर्य ने की। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में जिला न्यायाधीश श्री हिदायत उल्ला खान ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की उम्मीद होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह दीपक है, जो अज्ञानता का अंधकार मिटाकर जीवन को नई दिशा देता है। विद्यार्थियों को माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं स्वयं के परिश्रम का सम्मान करते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने नेशनल लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल मुकदमों के निपटारे का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, आपसी समझौते और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि जहां संवाद होता है, वहां विवाद समाप्त हो जाता है और लोक अदालत न्याय का ऐसा उत्सव है, जिसमें समय, धन और ऊर्जा की बचत के साथ रिश्तों में मधुरता बनी रहती है।

नेशनल लोक अदालत के दौरान बैंकों के 29 वसूली प्रकरणों में 31 लाख 51 हजार 500 रुपए के अवार्ड पारित किए गए। वहीं नगर परिषद के जलकर एवं संपत्तिकर से जुड़े 54 प्रकरणों में 2 लाख 53 हजार 600 रुपए तथा न्यायालयों में लंबित 35 प्रकरणों में 18 लाख 96 हजार 800 रुपए के अवार्ड पारित कर प्रकरणों का निराकरण किया गया। लोक अदालत के माध्यम से बड़ी संख्या में मामलों का आपसी सहमति से समाधान होने पर पक्षकारों ने भी संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ न्यायाधीश रिजवाना कौसर, सुमित्रा ताहेड़, दिव्या श्रीवास्तव, सहायक जेल अधीक्षक आर.एस. कुशवाह, एडीपीओ विशाल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायालयीन अधिकारी, बैंक प्रबंधक, नगर परिषद अधिकारी, शिक्षक, न्यायालय स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन अधिवक्ता चेतन हार्डिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव दिनेश डोंड द्वारा व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि न्याय और शिक्षा दोनों ही समाज को प्रगतिशील, संवेदनशील और सशक्त बनाने वाले आधार स्तंभ हैं, जिनके माध्यम से एक बेहतर और जागरूक राष्ट्र का निर्माण संभव है।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..