– MP पुलिस में बड़े प्रमोशन की तैयारी, हजारों कर्मियों का सेवा रिकॉर्ड तलब
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी प्रशासनिक हलचल सामने आई है। पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा जारी एक महत्वपूर्ण पत्र में वर्ष 2026 की स्थिति में पुलिस रेग्यूलेशन पैरा-72 के अंतर्गत कार्यवाहक प्रभार (ऑफिसिएटिंग प्रमोशन) देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार सूबेदार से रक्षित निरीक्षक, उपनिरीक्षक से निरीक्षक तथा सहायक उपनिरीक्षक से उपनिरीक्षक पद पर कार्यवाहक प्रभार दिए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों का सेवा विवरण मांगा गया है। यह पत्र पुलिस आयुक्त भोपाल एवं इंदौर, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, रेल, पीटीएस, पीटीसी सहित विभिन्न इकाइयों को भेजा गया है।

पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिला बल एवं अन्य इकाइयों में पदस्थ पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची तथा निर्धारित प्रारूप में सेवा विवरण 11 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से पुलिस मुख्यालय की कार्मिक शाखा को भेजा जाए। मध्यप्रदेश पुलिस में प्रमोशन का रास्ता साफ : सूबेदार से निरीक्षक तक कार्यवाहक प्रमोशन की प्रक्रिया शुरूपुलिस मुख्यालय ने यह भी कहा है कि भेजी जाने वाली जानकारी पूर्णतः सही, त्रुटिरहित और स्पष्ट होनी चाहिए। गलत अथवा अधूरी जानकारी भेजे जाने की स्थिति में संबंधित इकाई प्रमुख और अधिकारी-कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
जारी आदेश के बाद प्रदेशभर के पुलिस महकमे में कार्यवाहक पदोन्नति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों में इस प्रक्रिया को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पात्र अधिकारियों को जल्द ही उच्च पदों का कार्यभार सौंपा जा सकता है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली में भी गति आएगी। यह आदेश सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) अमित सक्सेना के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।









