डिंडौरी। जिले में खेल एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “आरोह-2026” ग्रीष्मकालीन शिविर के अंतर्गत रविवार को मां नर्मदा तट पर विशेष संडे एक्टिविटी का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, खिलाड़ियों, अभिभावकों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
5 मई से 5 जून तक संचालित होने वाले इस समर कैंप के तहत आयोजित कार्यक्रम में एरोबिक्स, योग, सामूहिक व्यायाम एवं विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। मां नर्मदा के शांत और प्राकृतिक वातावरण में सुबह आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सामुदायिक एकजुटता का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके परिजनों और शहर के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रशिक्षकों की टीम ने सामूहिक एरोबिक्स और फिटनेस गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम के लाभ बताए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों में अनुशासन, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का विकास करना रहा।

इस अवसर पर एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे और फिटनेस गतिविधियों में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज” का संदेश देते हुए लोगों को नियमित योग और व्यायाम अपनाने की प्रेरणा दी गई।
आयोजन में नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मोहम्मद अहमद खान, चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, सुनीता, लक्ष्मी बनावल, राजकुमार तथा आयुष अधिकारी डॉ. समीक्षा सहित नगर पालिका स्टाफ और खेल प्रेमियों का विशेष सहयोग रहा। एरोबिक्स प्रशिक्षण आदर्श परस्ते एवं उनकी प्रशिक्षक टीम द्वारा कराया गया।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रत्येक रविवार को इस प्रकार की गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल और फिटनेस के माध्यम से जिले के लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाना आवश्यक है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जानकारी दी कि “आरोह-2026” के अंतर्गत आगामी दिनों में भी खेल, योग, फिटनेस और रचनात्मक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा। इसी क्रम में आगामी रविवार 18 मई 2026 को प्रातः 7 बजे मां नर्मदा तट पर विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।










