—Advertisement—

MP पुलिस आरक्षक भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, 6525 युवाओं का सपना हुआ साकार

एडीटर: Chetram Rajpoot April 10, 2026

—Advertisement—

– 9.78 लाख अभ्यर्थियों में कड़ी टक्कर, ‘नॉर्मलाइजेशन’ पद्धति से बनी मेरिट सूची; अब नियुक्ति प्रक्रिया की तैयारी

भोपाल | मध्यप्रदेश के लाखों युवाओं का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मण्डल (ESB) ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम बुधवार, 09 अप्रैल 2026 को घोषित कर दिया। परिणाम जारी होते ही प्रदेशभर में चयनित 6525 अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। मण्डल ने चयनित उम्मीदवारों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।

इस भर्ती परीक्षा में अभूतपूर्व प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कुल 9,78,059 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिससे औसतन एक पद के लिए करीब 150 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रहा। लिखित परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 के बीच प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में किया गया था। इसके बाद 57,985 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PPT) के लिए चयनित किया गया, जिनकी परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 में संपन्न हुई।

– नॉर्मलाइजेशन से तय हुई मेरिट

मण्डल के अनुसार, इस बार परिणाम ‘नॉर्मलाइज्ड इक्यू-परसेंटाइल’ पद्धति के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंकों को जोड़कर अंतिम मेरिट सूची बनाई गई है, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की गई है।

– रिजल्ट का गणित भी खास

न्यायालयीन प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए परिणाम को विशेष फार्मूले के तहत तैयार किया गया है। इसमें 87 प्रतिशत पद मुख्य श्रेणी के तहत और 14 प्रतिशत पद ओबीसी (प्रोविजनल) श्रेणी में वर्गीकृत किए गए हैं। इसी आधार पर कुल 6525 पदों के लिए अंतिम चयन सूची जारी की गई है।

ऐसे देखें अपना परिणाम

परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना परिणाम मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को अब पुलिस मुख्यालय द्वारा मेडिकल परीक्षण और नियुक्ति प्रक्रिया के लिए जल्द ही सूचित किया जाएगा।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment