– आंख, सिर और हाथ में आई चोटें, घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया भर्ती; वन विभाग के कर्मचारी अस्पताल पहुंचे
करंजिया/डिंडौरी न्यूज ।जिले के करंजिया विकासखंड में वन्यजीवों के हमले की एक घटना सामने आई है। ग्राम जोगीगवारा निवासी करीब 31 वर्षीय युवक धर्मेन्द्र पंद्राम पर जंगल में लकड़ी काटने के दौरान भालू ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में युवक की आंख, सिर और हाथ में चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे धर्मेन्द्र पंद्राम लकड़ी काटने के उद्देश्य से ग्राम जगतपुर के समीप स्थित जंगल गए थे। इसी दौरान जंगल में अचानक उनका सामना भालू से हो गया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले से बचने के प्रयास में उनके आंख, सिर और हाथ में चोटें आईं।
घटना के बाद घायल युवक किसी तरह वहां से निकलकर मदद हासिल करने में सफल रहा। परिजनों एवं स्थानीय लोगों की सहायता से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
घायल की पत्नी लामिया से बातचीत के दौरान घटना की जानकारी सामने आई। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल की स्थिति की जानकारी ली।
इस घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जंगल में लकड़ी एवं अन्य घरेलू जरूरतों के लिए जाने वाले ग्रामीणों को वन्यजीवों का सामना करने का खतरा बना रहता है।
फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है। वन विभाग की ओर से घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई, आर्थिक सहायता अथवा मुआवजे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
