– मानिकपुर विद्यालय परिवार ने फूलमाला पहनाकर किया सम्मान, सहकर्मियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा
डिंडौरी न्यूज । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानिकपुर में प्रयोगशाला सहायक शिक्षक संतोष कुमार विश्वकर्मा के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को विद्यालय स्टाफ द्वारा सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने तिलक-वंदन कर, फूलमाला पहनाकर तथा शाल-श्रीफल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। साथ ही आकर्षक एवं उपयोगी उपहार प्रदान कर उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त की।

समारोह में वक्ताओं ने संतोष कुमार विश्वकर्मा की 34 वर्षों की सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्हें कर्मठ, मृदुभाषी, अनुशासनप्रिय और शिक्षा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा ने अपने सेवाकाल में निस्वार्थ भाव से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, संस्कार और अनुशासन को लेकर वे सदैव तत्पर रहे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त संतोष कुमार विश्वकर्मा ने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में मानिकपुर की विभिन्न संस्थाओं के स्टाफ, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
