– दीपावली से पहले स्वामित्व योजना की शेष रजिस्ट्रियां पूरी करने का लक्ष्य, अब तक करीब 17 हजार रजिस्ट्रियां पूर्ण |
– विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कृषि क्विज के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी देकर किया सम्मानित | मेधावी छात्रा संध्या परस्ते को मिली एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति
डिंडौरी न्यूज । मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर डिंडौरी के कलेक्ट्रेट खेल मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले की आदिवासी लोकसंस्कृति और परंपराओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से करने का संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसका वास्तविक लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों, मेधावी विद्यार्थियों और कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। किसान कल्याण स्वाभिमान कार्यक्रम के तहत जिले के तीन विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी प्रदान की गई। वहीं, शासकीय चन्द्रविजय महाविद्यालय की मेधावी छात्रा संध्या परस्ते को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति देकर प्रोत्साहित किया गया।
– जिम्मेदारियों के निर्वहन में न हो खानापूर्ति : कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश की उपलब्धियों को याद करने के साथ अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों के प्रति नए संकल्प लेने का अवसर है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को शासन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण आवश्यक है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर कार्य करते हुए डिंडौरी जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
कलेक्टर ने कृषि क्षेत्र की चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य के रूप में निरंतर आगे बढ़ रहा है। किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उनका पंजीयन कराना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त होने को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं की कृषि गतिविधियों में बढ़ती भागीदारी और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

– दीपावली से पहले पूरी होंगी स्वामित्व योजना की शेष रजिस्ट्रियां
स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले में कुल 39,317 रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध 31 अक्टूबर 2026 तक लगभग 17 हजार रजिस्ट्रियां पूर्ण की जा चुकी हैं। शेष रजिस्ट्रियों को दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण कार्य है। दीपावली से पहले इस लक्ष्य को पूरा कर जिलेवासियों को उनके अधिकारों के दस्तावेज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा की।
कलेक्टर ने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन द्वारा उत्कृष्ट अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूटी और लैपटॉप प्रदान कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
– सामूहिक प्रयासों से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर डिंडौरी : विधायक धुर्वे
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने जिलेवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिंडौरी अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। प्रदेश गठन के बाद से मध्यप्रदेश ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश गेहूं उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा सरसों, धान, सोयाबीन और मोटे अनाज के उत्पादन में भी प्रदेश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। ये उपलब्धियां किसानों की मेहनत, अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम हैं।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना में डिंडौरी जिले को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त होना गौरव का विषय है। इसी प्रकार जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले ने देश में तीसरा और मध्यप्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे किसानों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता है।
शिक्षा के क्षेत्र में जिले की प्रगति का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के विभिन्न विकासखंडों में शासकीय मॉडल विद्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शासकीय सांदीपनि विद्यालय, शासकीय महाविद्यालय और कन्या परिसर संचालित हैं। इन संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, विद्युत व्यवस्था में सुधार, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विधायक ने जिले के विकास को गति देने के लिए सभी से सहयोग और सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
– लोक संस्कृति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर दिया जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डिंडौरी की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक विरासत और परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिले की सांस्कृतिक पहचान उसकी विशिष्ट विरासत है। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका लाभ लेकर जिले के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिले की लोकसंस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक और नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहना की।
– कृषि क्विज के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी
किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि लोकोत्सव 2026 के अवसर पर संस्कृति विभाग एवं वीर भारत न्यास द्वारा किसान कल्याण स्वाभिमान कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन कृषि क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में कृषि, किसान कल्याण और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से किसानों एवं आम नागरिकों को जागरूक किया गया।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने प्रतियोगिता के जिले के तीन विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
– प्रथम पुरस्कार: विकास ठाकुर को 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर।
– द्वितीय पुरस्कार: गिरीश कुमार को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल।
– तृतीय पुरस्कार: मूलचंद परस्ते को 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की स्कूटी।
विधायक ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं किसानों में कृषि के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शासन की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। किसानों को प्रोत्साहित करना और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं और किसानों की समृद्धि से ही प्रदेश एवं जिले का विकास सुनिश्चित होगा।
– मेधावी छात्रा संध्या परस्ते को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति
समारोह में भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शासकीय चन्द्रविजय महाविद्यालय की छात्रा कु. संध्या परस्ते को वर्ष 2026 के लिए एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह सम्मान उनकी शैक्षणिक प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया गया।
इसके अलावा स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों तथा विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक ने सम्मानित प्रतिभाओं और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान अन्य लोगों को भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
