—Advertisement—

सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में देरी नहीं होगी बर्दाश्त, कलेक्टर ने दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

एडीटर: Chetram Rajpoot October 28, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा, सेवानिवृत्त कर्मियों को समय पर पेंशन और देय स्वत्वों का लाभ दिलाने के निर्देश

डिंडौरी न्यूज । कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को पेंशन और अन्य देय स्वत्वों का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की पूर्ति सुनिश्चित करनी होगी, ताकि पेंशन संबंधी औपचारिकताओं के कारण पात्र कर्मचारियों को अपने अधिकारों से जुड़े लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

– लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने पेंशन प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनके पात्रता संबंधी लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी से बचें। बैठक का मुख्य जोर पेंशन सहित अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने पर रहा।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment