—Advertisement—

रुदेश परस्ते बने डिंडौरी जिला अध्यक्ष, श्री आनंदम् धाम पीठ ने सौंपी जनपद आनंद चेतना संयोजक की जिम्मेदारी

एडीटर: Chetram Rajpoot September 24, 2026

—Advertisement—

– सेवा, साधना और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जिले के गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प

डिंडौरी न्यूज। प्रख्यात राष्ट्रीय संत एवं आध्यात्मिक चिंतक परम पूज्य सद्गुरुदेव श्री ऋतेश्वर जी महाराज के शुभाशीर्वाद एवं प्रेरणा से श्री आनंदम् धाम पीठ, वृंदावन-मथुरा द्वारा श्री रुदेश परस्ते को डिंडौरी जिले का जिला अध्यक्ष एवं जनपद आनंद चेतना संयोजक मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन के साथ ही जिले में सेवा, साधना, आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक सद्भाव एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न आयोजनों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

श्री आनंदम् धाम ट्रस्ट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय संत पूज्य श्री ऋतेश्वर जी महाराज के मार्गदर्शन में सनातन संस्कृति, युवा चेतना, नैतिक मूल्यों, मानवीय सद्भाव तथा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी संकल्प को डिंडौरी के वनांचल क्षेत्र में जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रुदेश परस्ते को जिला स्तर पर संगठनात्मक दायित्व प्रदान किया गया है।

– जिले में सेवा प्रकल्पों और सत्संग का होगा विस्तार

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रुदेश परस्ते जिले में पूज्य सद्गुरुदेव के ‘सेवा, साधना और सद्भाव’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ धर्मप्रेमी युवाओं एवं स्वयंसेवकों को जोड़ने का कार्य करेंगे। इसके अंतर्गत सत्संग, आध्यात्मिक एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों के साथ निःस्वार्थ सेवा प्रकल्पों और जनकल्याणकारी गतिविधियों के आयोजन एवं समन्वय पर जोर दिया जाएगा।

ट्रस्ट की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी के तहत स्थानीय स्तर पर सेवा गतिविधियों को संगठित स्वरूप देने, युवाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा सामाजिक समरसता एवं मानवीय मूल्यों से जुड़े कार्यक्रमों को गति देने की योजना है।

– बोले रुदेश परस्ते—निष्ठा और पारदर्शिता से निभाऊंगा दायित्व

जिला अध्यक्ष मनोनीत होने पर रुदेश परस्ते ने कहा कि परम पूज्य राष्ट्रीय संत श्री ऋतेश्वर जी महाराज का सान्निध्य एवं शुभाशीर्वाद प्राप्त होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि श्री आनंदम् धाम पीठ ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसका निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा, शुचिता, पारदर्शिता एवं मर्यादा के साथ करेंगे।

उन्होंने जिले में सेवा, साधना और सामाजिक समरसता को सशक्त करने को अपना प्रमुख उद्देश्य बताते हुए कहा कि युवाओं एवं स्वयंसेवकों को साथ लेकर जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

रुदेश परस्ते के जिला अध्यक्ष मनोनीत होने पर जिले के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनके मनोनयन से जिले में श्री आनंदम् धाम पीठ से जुड़ी आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment