डिंडौरी न्यूज ।दीपावली के पावन पर्व पर स्थानीय बाजारों में रौनक बढ़ाने और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को डिंडौरी बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से मिट्टी के दीये एवं दीपावली की अन्य पूजन सामग्री खरीदकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही जिलेवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पर्व को हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया।
बाजार भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने छोटे दुकानदारों से आत्मीय चर्चा की और उनके व्यवसाय, बिक्री तथा दुकानों में उपलब्ध दीपावली की सामग्री के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले मिट्टी के दीयों और अन्य उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित किया। कलेक्टर की इस पहल से स्थानीय दुकानदारों में उत्साह देखने को मिला।

कलेक्टर ने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए संदेश दिया कि त्योहारों के अवसर पर स्थानीय बाजारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करने से उनके व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसरों को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने आमजन को दीपावली की खरीदारी में स्थानीय दुकानदारों और उत्पादों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री पुष्पेंद्र आहाके, एसडीओपी श्री सतीश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



