– शहपुरा-मानिकपुर में विजयादशमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां से सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना कर दी अंतिम विदाई
शहपुरा/डिंडौरी। शारदीय नवरात्र के नौ दिनों तक मां आदि शक्ति की आराधना, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विजयादशमी के अवसर पर भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। मंगलवार को माता रानी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहपुरा और मानिकपुर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। माता की विदाई की बेला में भक्तों की आंखें नम रहीं और माहौल भक्तिमय होने के साथ भावुक हो गया।
नौ दिनों तक माता की भक्ति में लीन रहे श्रद्धालुओं के लिए विदाई का पल भावुक कर देने वाला रहा। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने मां आदि शक्ति से परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं निरोगी जीवन की कामना की। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता रानी को विदाई देते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना की।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहपुरा-मानिकपुर में श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। नौ दिनों तक चले नवरात्र उत्सव के समापन के साथ ही माता रानी की विदाई ने भक्तों को भावुक कर दिया। मां दुर्गा के जयकारों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच विसर्जन की परंपरा संपन्न हुई।
