– 50 बालक-बालिकाओं ने दिखाया खेल कौशल, 09 स्वर्ण, 14 रजत और 10 कांस्य पदकों पर जमाया कब्जा
– विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
डिंडौरी न्यूज । मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत जिला कराते संघ द्वारा आयोजित अंडर-14 बालक-बालिका जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में जिले के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सामुदायिक भवन, साकेत नगर डिंडौरी में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों से पहुंचे लगभग 50 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए कुल 33 पदक अपने नाम किए। इनमें 09 स्वर्ण, 14 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में समनापुर, शाहपुरा, करंजिया, मेहंदवानी, अमरपुर, डिंडौरी एवं बजाग विकासखंड के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से बालिका खिलाड़ियों ने कराटे के विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया कि आत्मरक्षा और खेल के क्षेत्र में बेटियां भी किसी से पीछे नहीं हैं। बालिकाओं के उत्साह, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों एवं खेलप्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।
– विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने खेलों के महत्व पर दिया जोर
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में खेलों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मस्तिष्क को सक्रिय बनाने के साथ व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। खेल गतिविधियों में सहभागिता से बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बच्चों एवं युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों, शिक्षा और खेलों में लगानी चाहिए। अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जुड़कर युवा स्वयं के साथ अपने परिवार और समाज को भी स्वस्थ एवं सुखी जीवन की दिशा में आगे बढ़ा सकते हैं।
– विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने भी खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बालिकाओं द्वारा आत्मरक्षा के गुण सीखने और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
– 20 ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों ने संभाली प्रतियोगिता की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के सफल एवं अनुशासित संचालन में विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे लगभग 20 ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षकों ने रेफरी, जज एवं निर्णायक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सभी मुकाबलों को निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराया।
प्रतियोगिता के संचालन में करंजिया से प्रतिज्ञा बघेल, बजाग से गौरी सुरेश्वर, केसरी धुर्वे एवं भारती चौहान, समनापुर से महेंद्र कुमार एवं भूपेंद्र अंधवन, अमरपुर से धनीराम चिचाम, तोताराम नंदा एवं योगेश कुमार परस्ते तथा डिंडौरी से दामिनी परस्ते, रोहित मरकाम एवं दुर्गावती ने सहयोग प्रदान किया। संपूर्ण प्रतियोगिता जिला कराते प्रभारी श्री चोखेलाल धुर्वे एवं महिला प्रभारी श्रीमती मनीषा बैरागी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
– अतिथियों की मौजूदगी में खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, मीडिया प्रभारी यशराज साहू, श्री चेतराम अहिरवार, सांसद प्रतिनिधि सुदी दत्त तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र पाठक, जिला अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, आरती सोंधिया, सुनीता धुर्वे, लक्ष्मी बनावल एवं संतोषी यादव सहित विभिन्न विकासखंडों से आए खेल शिक्षक, वरिष्ठ खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने जिले के बालक-बालिकाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आत्मरक्षा के प्रति जागरूक होने का अवसर दिया। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



