– स्व-सहायता समूह की महिलाओं को गौवंश के रखरखाव और गोबर से आजीविका के अवसर विकसित करने के दिए सुझाव, गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित
डिंडौरी न्यूज ।दीपावली पर्व के अवसर पर जिले में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने डिंडौरी विकासखंड की ग्राम पंचायत घानामार के ग्राम रूसा स्थित गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गौमाता का पूजन-अर्चन कर गौ-लक्ष्मी की पूजा की तथा अपने हाथों से गौमाता को भोजन खिलाकर श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
– गौवंश की देखभाल और बेहतर प्रबंधन पर दिया जोर
गौशाला भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने गौशाला के संचालन में संलग्न माँ नर्मदा स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को गौवंश के उचित रखरखाव, उनके खान-पान, समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गौवंश की बेहतर देखभाल के लिए नियमित साफ-सफाई और उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को गौशाला से प्राप्त गोबर का अधिकतम उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने गोबर से कंडे बनाने के साथ ही अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार कर उन्हें आजीविका से जोड़ने की संभावनाओं पर जानकारी दी। इससे गौशाला की गतिविधियों को उपयोगी बनाने के साथ महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
– गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार के विजेता सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने प्रमाण पत्र, श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए गौवंश संरक्षण और बेहतर प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
गोवर्धन पूजा के इस आयोजन में धार्मिक परंपरा के साथ गौवंश संरक्षण, गौशाला प्रबंधन और स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा देने से जुड़े विषय भी प्रमुखता से सामने आए।
इस अवसर पर एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



