– करंजिया के वनग्राम अम्हादादर में सुबह चार बजे हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
– वन विभाग ने संभावित प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर जारी किया अलर्ट
गोरखपुर/डिंडौरी। छत्तीसगढ़ के जंगलों से निकलकर चार हाथियों का दल एक बार फिर डिंडौरी जिले की सीमा में पहुंच गया है। हाथियों की आमद से करंजिया विकासखंड के वनांचल क्षेत्रों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। बुधवार की रात हाथियों का यह दल जिले की सीमा में दाखिल हुआ और गुरुवार तड़के पश्चिम करंजिया वन परिक्षेत्र के अंतर्गत वनग्राम अम्हादादर में एक ग्रामीण के मकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों की दस्तक से क्षेत्र के ग्रामीणों में पुराने दिनों की दहशत फिर से ताजा हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खम्हारखुदरा के वनग्राम अम्हादादर में बुधवार की रात छत्तीसगढ़ के जंगलों से चार हाथियों का दल पहुंचा। गुरुवार सुबह करीब चार बजे हाथियों ने राजकुमार पिता गुलाब मरकाम के मकान को निशाना बनाया और उसे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला सक्रिय हुआ और आसपास के संभावित प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सूचना दी गई। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा पक्के मकानों में ही रात्रि विश्राम करने की समझाइश दे रहे हैं।
– दो साल पहले हाथियों के उत्पात की याद से सहमे ग्रामीण
क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए हाथियों का जिले में प्रवेश कोई सामान्य घटना नहीं है। करीब दो वर्ष पूर्व भी छत्तीसगढ़ की ओर से आए हाथियों ने इसी क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया था। उस दौरान हाथियों की गतिविधियों से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। मकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की घटनाओं के कारण लोगों को लंबे समय तक भय के माहौल में रहना पड़ा था। पूर्व में हुए नुकसान और हाथियों के आतंक की यादें आज भी क्षेत्रवासियों के मन में ताजा हैं। ऐसे में चार हाथियों के दोबारा पहुंचने की खबर से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
– केंद्राबहरा के रास्ते जिले में पहुंचने की जानकारी
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल छत्तीसगढ़ के जंगलों से चलकर केंद्राबहरा के रास्ते डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड में दाखिल हुआ है। हाथियों की आवाजाही को देखते हुए आसपास के गांवों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को कच्चे मकानों में नहीं रहने, रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें भगाने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी जा रही है।
– सोशल मीडिया के माध्यम से भी एक-दूसरे को कर रहे सावधान
हाथियों की आमद की सूचना के बाद वनांचल क्षेत्र के ग्रामीण भी आपसी संपर्क बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए एक-दूसरे को हाथियों की लोकेशन तथा संभावित खतरे की जानकारी देकर सावधान रहने की अपील की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में हाथियों के कारण उत्पन्न हुए भयावह हालात को देखते हुए इस बार किसी प्रकार की जनहानि नहीं होनी चाहिए।
– वन विभाग के सामने ग्रामीणों की सुरक्षा की चुनौती
हाथियों के जिले में प्रवेश के बाद वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभागीय अमला संभावित प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क कर रहा है। विशेष रूप से रात के समय बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की समझाइश दी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और स्वयं उनके करीब जाने, फोटो-वीडियो बनाने अथवा उन्हें खदेड़ने की कोशिश न करें।
फिलहाल चार हाथियों के दल की आमद ने करंजिया के वनांचल क्षेत्र में एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग की सतर्कता और समय रहते किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों से इस बार किसी प्रकार की जनहानि नहीं होगी।



