—Advertisement—

सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने भाजपा ने बनाई रणनीति

एडीटर: Chetram Rajpoot September 7, 2026

—Advertisement—

– जिला कार्यसमिति की बैठक में 13 कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियां

डिंडौरी न्यूज । भारतीय जनता पार्टी जिला डिंडोरी की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को मां कर्मा बाई धर्मशाला, गाड़ासरई में आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ और मंडल स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। अभियान के तहत निर्धारित 13 कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए उनके सफल संचालन के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को बूथ स्तर तक ले जाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा गतिविधियों से जोड़ना है। जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना ही इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

– 13 कार्यक्रमों के जरिए सेवा और जनभागीदारी का संदेश

बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रत्येक बूथ पर परिवारों एवं योजनाओं के लाभार्थियों के घर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 का संकल्प लेने की बात कही गई।

इसी तरह ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय एवं निजी विद्यालयों में सेवा कार्य तथा विकसित भारत विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत स्थानीय नाट्य दलों के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर जनसेवा की गाथा को गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।

‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों में मातृ-संवाद, पोषण योजनाओं की जानकारी और आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं के सम्मान की गतिविधियां आयोजित होंगी। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में प्रत्येक शक्ति केंद्र से योजनाओं के लाभार्थियों की कम से कम 10 वास्तविक सफलता की कहानियों को वीडियो रील के माध्यम से संकलित किया जाएगा।

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के माध्यम से इन्फ्लुएंसर्स एवं डिजिटल रचनाकारों को विकास कार्यों का भ्रमण कराया जाएगा। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में गांव एवं जिला स्तर पर पदयात्रा तथा बाइक समूहों के माध्यम से जनसंवाद और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक गतिविधि में न्यूनतम 25 मिनट योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में कम से कम दो स्थानों पर सेवा कार्य के पहले और बाद के बदलाव को दर्ज किया जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर विभागीय समन्वय से शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन में सहायता और योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं ‘रंगोली राष्ट्र’, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी, नवाचार और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

– पद से ऊपर कार्यकर्ता भाव ही भाजपा की खूबसूरती : पंकज सिंह टेकाम

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह टेकाम ने कहा कि भाजपा की खूबसूरती यही है कि यहां पद और दायित्व से ऊपर कार्यकर्ता भाव है। संगठन में कोई बड़ा या छोटा नहीं है, बल्कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर राष्ट्र और संगठन की सेवा में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मार्गदर्शन और सानिध्य में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समान भाव से संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रसेवा में योगदान दे रहा है। यही भावना भाजपा को एक परिवार और सशक्त संगठन का स्वरूप प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश का ऐसा राजनीतिक संगठन है, जहां सुशासन और नीति अनुसंधान को विचारधारा के प्रमुख संकल्पों में स्थान दिया गया है।

– हर बूथ तक पहुंचे सेवा संकल्प : चमरू सिंह नेताम

बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। 13 कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग टोली गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ तक सर्वव्यापी बनाया जा सके। कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ पूरी सक्रियता से अभियान में जुटना होगा।

– ‘सेवा ही संगठन का मूल मंत्र, जनसेवा हमारा संकल्प’

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण के लिए सेवा संकल्प अभियान भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर सेवा कार्य करने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

बैठक का शुभारंभ एवं समापन राष्ट्रभावना से ओतप्रोत कार्यक्रमों के साथ हुआ। जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जबकि जिला महामंत्री सुधीर दत्त तिवारी ने शोक प्रस्ताव का वाचन किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने किया तथा आभार जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेतु ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री बद्री प्रसाद साहू, जिला उपाध्यक्ष दिलीप ताम्रकार, संतोष साहू, राजेंद्र प्रसाद दुबे, पितांबर मरावी, इंदिरा धुर्वे, जय सिंह राजपूत, पूर्व जिला महामंत्री जयसिंह मरावी, शोभित मरावी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुशील राय, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कीर्ति गुप्ता सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, कार्यसमिति सदस्य एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment