—Advertisement—

वॉलीबॉल में डिंडौरी की बेटियों ने लहराया परचम, राज्य स्तरीय स्पर्धा में बनीं चैंपियन

एडीटर: Chetram Rajpoot October 23, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– फाइनल में नर्मदापुरम संभाग को हराकर बनीं विजेता, चार खिलाड़ियों का मुरैना राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए चयन

डिंडौरी न्यूज । शालेय खेल कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत इटारसी (पथरोटा) में आयोजित विभागीय राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डिंडौरी जिले की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। 21 और 22 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सांदीपनि विद्यालय शहपुरा की टीम ने मध्य क्षेत्र (नर्मदापुरम) को पराजित कर जिले का गौरव बढ़ाया। टीम की इस उपलब्धि से जिले में खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं सहायक आयुक्त श्री राजेंद्र कुमार जाटव के निर्देशन में जिले की बालिका खिलाड़ियों ने प्रशिक्षक श्री अनिल लोधी के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतर खेल कौशल, तालमेल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने अपने दमदार खेल के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीम को शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

– चार खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

जिला क्रीड़ा प्रभारी अधिकारी, जनजातीय कार्य विभाग श्री पुरुषोत्तम सिंह के अनुसार, खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल दक्षता के आधार पर डिंडौरी जिले की चार बालिकाओं का आगामी राज्य स्तरीय शालेय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में कु. राधा परस्ते, मुनिंदा धुर्वे, सुहानी मरकाम और नंदनी उरैती शामिल हैं। ये खिलाड़ी जनजातीय कार्य विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए 24 से 27 अक्टूबर 2026 तक मुरैना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

जिले की टीम की सफलता को खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है। विभागीय प्रतियोगिता में विजेता बनने के साथ ही चार खिलाड़ियों का अगली स्पर्धा के लिए चयन जिले के लिए एक और उपलब्धि है।

– शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों ने दी बधाई

बालिका खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय जाट, प्राचार्य डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, श्री संदीप सोनी, श्री यशवंत साहू, प्रशिक्षक श्री अनिल लोधी, श्री जागेश्वर नंदा, श्री परवेज खान, श्री नवीन खरगाल सहित अन्य शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने विजेता टीम और चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुरैना में होने वाली आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment