—Advertisement—

CM मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में विभिन्न विषयों की समीक्षा

एडीटर: Chetram Rajpoot October 22, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– त्योहारों एवं मेलों में सुरक्षा व्यवस्था, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों और शासकीय योजनाओं की प्रगति पर दिए गए निर्देश

भोपाल/डिंडौरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में विभिन्न प्रशासनिक विषयों, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की समीक्षा की गई। कॉन्फ्रेंस के दौरान त्योहारों एवं मेलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

       कॉन्फ्रेंस में त्योहारों के दौरान पटाखों की थोक एवं फुटकर दुकानों के वैध लाइसेंस सुनिश्चित करने, सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन में सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले विभागों की स्थिति की समीक्षा, शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण, स्वामित्व योजना की प्रगति तथा सामान्य से अधिक एवं कम वर्षा वाले क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा की गई।

      मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों की रोकथाम, वर्षा ऋतु के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के संबंध में भी समीक्षा की गई। आगामी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन तथा गोपाल कृष्ण गोखले ग्राम पुरस्कार योजना से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।

       कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना के तहत 10 से कम रजिस्ट्रियां कराने वाले पटवारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

     कॉन्फ्रेंस में डिंडौरी जिले से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री अक्षय डिगरसे एवं सुश्री प्रियांशी जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment