– एसडीएम शहपुरा फरहान इरफान जमादार ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने वाले कर्मचारियों को बताया प्रेरणास्रोत
डिंडौरी न्यूज । स्वामित्व योजना के तहत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहपुरा तहसील में पदस्थ पटवारी सतेंद्र तिवारी ने 103 रजिस्ट्रियां पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनके इस प्रदर्शन पर एसडीएम शहपुरा फरहान इरफान जमादार ने उन्हें फूलमाला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर तहसीलदार शहपुरा राम प्रसाद मार्को भी उपस्थित रहे।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उनके संपत्ति संबंधी अधिकारों का अभिलेख उपलब्ध कराने और पंजीयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस दिशा में पटवारी सतेंद्र तिवारी द्वारा 103 रजिस्ट्रियों का कार्य पूर्ण करना उनकी कार्य के प्रति सक्रियता और जिम्मेदारी को दर्शाता है। उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए एसडीएम ने इसे अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस दौरान एसडीएम फरहान इरफान जमादार ने कहा कि शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रियता, प्रतिबद्धता और समर्पण आवश्यक है। निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पटवारी सतेंद्र तिवारी की उपलब्धि से अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से स्वामित्व योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
कार्य के प्रति समर्पण और निर्धारित लक्ष्य की दिशा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों का सम्मान प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने में भी सहायक माना जा रहा है।
