– 2024 से अब तक 1544 मोबाइल रिकवर
डिंडौरी न्यूज। डिंडौरी पुलिस ने साइबर तकनीक और थाना स्तर की सतत कार्रवाई के दम पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 271 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत लगभग 48 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने डिंडौरी पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा धर्मेंद्र सिंह एवं जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने मोबाइल ट्रैकिंग, IMEI ट्रेसिंग और डिजिटल निगरानी जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर गुम हुए मोबाइल फोन खोज निकाले।

– थानावार मोबाइल रिकवरी
डिंडौरी पुलिस के अनुसार सबसे अधिक 73 मोबाइल शहपुरा थाना क्षेत्र से बरामद किए गए। इसके अलावा समनापुर से 61, कोतवाली डिंडौरी से 45, बजाग से 30, मेहंदवानी से 19, गाड़ासरई से 18, करंजिया से 14 और शाहपुर से 11 मोबाइल रिकवर किए गए।
– 2024 से अब तक 1544 मोबाइल बरामद
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 से अब तक कुल 1544 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 77 लाख 92 हजार रुपये है। लगातार हो रही मोबाइल रिकवरी से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
– इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल रिकवरी अभियान में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ साइबर टीम के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से मुकेश प्रधान, पंकज कुशराम, श्याम तिवारी, जगदीश प्रसाद, राम सिंह, सुनील पट्टा, गोविंद चौरे, रामनंदन सनोडिया, आर. शिवपाल, आर. रविंद्र कुम्हरे, महेंद्र धुर्वे, आरक्षक पल्लवी तथा नीतू वर्मा के तकनीकी कौशल और सक्रिय प्रयासों से बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए जा सके।
– पुलिस की अपील
डिंडौरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तत्काल नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन में सूचना दें। साथ ही CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराने और ट्रैकिंग प्रक्रिया शुरू कराने की सलाह दी गई है।
मोबाइल गुम होने पर नागरिकों को CEIR पोर्टल पर जाकर “Block Your Lost/Stolen Mobile” विकल्प का चयन करना चाहिए। इसके लिए शिकायत की प्रति, मोबाइल का बिल, पहचान पत्र और IMEI नंबर (जो मोबाइल के बॉक्स या बिल पर अंकित होता है) अपलोड कर आवेदन किया जा सकता है। डिंडौरी पुलिस का कहना है कि “जनता की सुरक्षा और विश्वास के लिए हम सदैव तत्पर हैं।”









