—Advertisement—

डूब क्षेत्र के मुआवजे में 10 लाख की कथित मांग! प्रधान आरक्षक के विरुद्ध एसपी से शिकायत, बहनों ने भी मिली मुआवजें में मांगा हिस्सा

एडीटर: Chetram Rajpoot November 23, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– राघवपुर बांध परियोजना के मुआवजे की राशि को लेकर विवाद, चौकी विक्रमपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक पर गंभीर आरोप

डिंडौरी न्यूज। राघवपुर बांध निर्माण परियोजना में डूब क्षेत्र में आई जमीन के मुआवजे की राशि को लेकर पारिवारिक विवाद अब पुलिस विभाग के एक प्रधान आरक्षक पर गंभीर आरोपों तक पहुंच गया है। चौकी विक्रमपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक के खिलाफ 10 लाख रुपये की मांग करने, फोन पर डराने-धमकाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक डिंडौरी से लिखित शिकायत की गई है।शिकायतकर्ता चूरामन मरावी ने मामले में उचित दंडात्मक कार्रवाई करने और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

WhatsApp

शिकायत में चूरामन मरावी ने बताया है कि उनकी पत्नी मल्ली बाई के नाम पर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जमीन खसरा नंबर 93/2, 236/2, 251/2, 337, 303, 576 एवं 613/2 रकबा क्रमशः 0.14, 0.24, 0.52, 0.44, 0.49, 2.01 एवं 0.26 हेक्टेयर राघवपुर बांध निर्माण बहुउद्देशीय परियोजना के डूब क्षेत्र में आई है। इसके एवज में उनकी पत्नी मल्ली बाई के नाम पर लगभग 29 लाख रुपये का मुआवजा स्वीकृत होकर जमा हुआ था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रधान आरक्षक  द्वारा मुआवजे की राशि में से 10 लाख रुपये की मांग की गई। 17 नवंबर 2026 को यूनियन बैंक शाखा सक्का से 5 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत में शेष 5 लाख रुपये को लेकर भी लगातार फोन कर दबाव बनाने, डराने-धमकाने और झूठे आरोप लगाकर जेल भिजवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से आवेदन स्वीकार कर संबंधित प्रधान आरक्षक के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

Advertisement

– पैतृक जमीन और मुआवजे की राशि पर बहनों का भी दावा

मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। कला बाई मसराम (60), निवासी ग्राम मरवारी ने पुलिस के समक्ष दर्ज अपने कथन में बताया कि उनके पिता भादू सिंह धुर्वे और माता फूली बाई की छह बेटियां थीं, जिनमें वह सबसे बड़ी हैं। परिवार में कोई बेटा नहीं होने के कारण माता-पिता ने तीसरे नंबर की बेटी मल्ली बाई और उनके पति चूरामन को घर जमाई बनाकर अपने साथ रखा था। कला बाई के अनुसार माता-पिता की मृत्यु के बाद मल्ली बाई और चूरामन परिवार सहित गांव में रहकर खेतीबाड़ी करते रहे।

WhatsApp

कला बाई ने चौकी में की गई अपने शिकायत में बताया कि माता-पिता की जमीन राघवपुर बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आने के बाद करीब 30 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। इसके बाद सभी बहनों और छोटी बहन रजनी बाई के बेटे ने चूरामन से अपने हिस्से की राशि मांगी थी। आरोप है कि चूरामन ने प्रत्येक बहन को एक-एक लाख रुपये देने की बात कही, लेकिन बहनों द्वारा इतनी राशि लेने से इनकार करने पर मुआवजे की पूरी रकम मल्ली बाई के खाते से निकालकर अन्यत्र कर दी गई और उन्हें उनका हिस्सा नहीं दिया गया।

कला बाई का आरोप है कि उनकी अशिक्षित मां की स्थिति का फायदा उठाकर चूरामन ने काफी पहले जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर जमीन अपने नाम करा ली थी। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में बहनों ने चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें, चूरामन और मल्ली बाई को पूछताछ के लिए बुलाया था। कला बाई के मुताबिक, उस दौरान चूरामन ने दो-दो लाख रुपये देने की बात कही और राशि निकालने के लिए सक्का गया था। वहां से पांच लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली, लेकिन बहनें अधूरी राशि लेने के लिए तैयार नहीं थीं।

कला बाई ने अपने शिकायत में यह भी बताया कि बाद में गांव में हुई बैठक में चूरामन ने प्रत्येक बहन को 50-50 हजार रुपये देने की बात रखी थी, लेकिन उन्होंने पंचायत के माध्यम से यह राशि स्वीकार नहीं की। उनका आरोप है कि चूरामन अब बहनों के हिस्से की रकम देने से इनकार कर रहा है और किसी के बहकावे में आकर उनकी हक की राशि हड़पना चाहता है।

– एक ही मुआवजे पर दो पक्षों के अलग-अलग दावे

इस पूरे मामले में एक ओर चूरामन मरावी ने प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पटेल पर मुआवजे की राशि में से 10 लाख रुपये मांगने और धमकाने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर कला बाई मसराम के कथन में मुआवजे की रकम और जमीन के स्वामित्व को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है। एक पक्ष पुलिसकर्मी पर अवैध रूप से रकम मांगने का आरोप लगा रहा है, जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि मुआवजे की राशि में सभी बहनों का हिस्सा है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच का विषय है।

इनका कहना है,,,,, 

5 बहनों द्वारा भूमि अधिग्रहण में मिली मुआवजें की राशि में स्वयं का हिस्सा न मिलने की शिकायत की गई थी, जांच के दौरान चुरामन ने सभी बहनों को 2-2 लाख रुपए देने की बात कह रहा था, गांव के कोटवार और अन्य ग्रामीणों के समक्ष चूरामन द्वारा शिकायतकर्ता मल्ली बाई की बहनों को देने के लिए 5 लाख रुपए रखा गया था, चूरामन द्वारा शेष 5 लाख रुपए लाने के बाद पांचों बहनों को 2-2 लाख रुपए आम सहमति से देना था। पुलिस द्वारा पैसा नहीं लिया गया है। 

मुकेश बैरागी, चौकी प्रभारी विक्रमपुर

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment