– समय-सीमा बैठक में विभागवार योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ निराकरण के निर्देश
– शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर दिलाएं योजनाओं का लाभ, दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
डिंडौरी न्यूज। आमजन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही और अनावश्यक देरी को लेकर जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने विशेष रूप से 50 से 100 दिवस तक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि के साथ प्रकरण का समाधान सुनिश्चित किया जाए। शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना है, इसलिए अधिकारी लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और उनमें अनावश्यक विलंब न होने दें।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, विभागीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
– किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज वितरण के निर्देश
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने किसानों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर बीज वितरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे वे कृषि कार्य एवं बुआई का काम निर्धारित समय पर पूरा कर सकें। वहीं मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान केज एक्वाकल्चर, बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज तथा मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के अंतर्गत स्मार्ट फिश पार्लर की स्थापना और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके अलावा मत्स्य बीज उत्पादन, मत्स्य उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धियों तथा प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना की भी समीक्षा की गई।
– 29 नवंबर को महाकोशल केंद्र में लगेगा विशाल दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर
बैठक में 29 नवंबर 2026 को जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल, बरगांव शहपुरा में आयोजित होने वाले विशाल दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने शिविर में दिव्यांगजनों के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। शिविर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए पंजीयन हेतु 10 काउंटर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा शिविर का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
– शिविरों के माध्यम से मौके पर ही हितग्राहियों को मिले योजनाओं का लाभ
जिला पंचायत सीईओ ने विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने, आधार कार्ड संबंधी कार्यों तथा समग्र ई-केवाईसी के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करना नहीं होना चाहिए, बल्कि पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़कर मौके पर ही आवश्यक सुविधाएं और लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय में निराकरण करने के साथ विभागीय योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाएं। बैठक में स्पष्ट किया गया कि आमजन की शिकायतों का समाधान, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और शासकीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



