– दिल्ली से पहुंचे राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं ने 12 स्वास्थ्य सेवा पैकेजों के तहत सुविधाओं, व्यवस्थाओं और अभिलेखों का किया बारीकी से निरीक्षण
डिंडौरी न्यूज ।आकांक्षी विकासखंड बजाग में ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर मझियाखार का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) मूल्यांकन संपन्न हुआ। इस दौरान नई दिल्ली से पहुंचे राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ता डॉ. रूपेंद्र कुमार एवं श्रीमती रूपा रावत ने स्वास्थ्य संस्थान का विस्तृत निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, बुनियादी सुविधाओं, संस्थागत व्यवस्थाओं और अभिलेखों का निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण किया।
मूल्यांकन के दौरान राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं ने 12 निर्धारित स्वास्थ्य सेवा पैकेजों (सर्विस पैकेज) के अंतर्गत आम नागरिकों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता का बारीकी से आकलन किया। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, उपलब्ध संसाधनों, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन, आवश्यक अभिलेखों के संधारण तथा संस्थान की व्यवस्थाओं की जांच की गई। मूल्यांकन का प्रमुख उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनकी उपयोगिता का परीक्षण करना रहा।
यह मूल्यांकन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिला स्तरीय टीम की ओर से डॉ. मनोज उरैती, डॉ. अंकित अलावे एवं सीपीएचसी सलाहकार श्री विक्की जमरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं विकासखंड स्तरीय टीम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपिन सिंह राजपूत, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर डॉ. चंद्रशेखर तेकाम एवं डॉ. भूपेन्द्र मथनिया, बीपीएम श्री लल्ला यादव, फार्मासिस्ट श्री रवि राठिया एवं श्री शैलेंद्र ठाकुर तथा सेक्टर सुपरवाइजर श्री अजब सिंह मेहरा ने सहभागिता की।
इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सुचिता उइके सहित सीएचओ, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं आशा सुपरवाइजर ने भी मूल्यांकन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। संस्था स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती वंदना साहू, एएनएम श्रीमती माया वती मरावी, एमपीडब्ल्यू श्री वीरबल कुशराम एवं सेक्शन मझियाखार के समस्त आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने मूल्यांकनकर्ताओं के समक्ष संस्थान में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की।
– ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर जोर
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत होने वाला यह मूल्यांकन स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और निर्धारित राष्ट्रीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर मझियाखार का मूल्यांकन भी इसी उद्देश्य से किया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन कर उनमें आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
इस पहल से ग्रामीण नागरिकों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।



