होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

डिंडौरी को शिक्षा की बड़ी सौगात: पांच सांदीपनी विद्यालयों के अत्याधुनिक भवनों का लोकार्पण, ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक शिक्षण वातावरण

akvlive.in

Published

– प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने पांच सांदीपनी विद्यालयों के अत्याधुनिक भवन राष्ट्र को किए समर्पित

डिंडौरी न्यूज । मध्यप्रदेश शासन की नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री तथा डिंडौरी जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने बुधवार को जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात देते हुए विकासखंड डिंडौरी के सांदीपनी विद्यालय नरिया में आयोजित भव्य समारोह के दौरान जिले के पांच सांदीपनी विद्यालयों के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे के भविष्य में बाधा न बनें।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुआ। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। समारोह में नरिया, धनुवासागर, चाँदरानी, खुड़िया और राई स्थित सांदीपनी विद्यालयों के नवीन भवनों का लोकार्पण किया गया।

– आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे विद्यालय

प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान सहित आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, लाड़ली बहना योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिंडौरी अब किसी भी क्षेत्र में पिछड़ा नहीं रहेगा और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

– “आर्थिक स्थिति पढ़ाई में बाधा नहीं बनने देंगे” : ओमप्रकाश धुर्वे

शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसी भी विद्यार्थी की आर्थिक स्थिति उसकी शिक्षा में बाधा न बने। आधुनिक विद्यालय भवन और संसाधन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि जिले में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विस्तार से अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यालयों का उद्देश्य : ओमकार सिंह मरकाम

डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि विद्यालयों का मूल उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से डिंडौरी एवं समनापुर विकासखंड में दो-दो सांदीपनी विद्यालय स्थापित किए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने जिले में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान की सराहना करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।

– शिक्षा से विकसित होगा समाज : सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि सांदीपनी विद्यालयों की स्थापना से जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार विकास हो रहा है। साथ ही जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

– डेढ़ लाख विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का लक्ष्य : कलेक्टर

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि जिले में लगभग डेढ़ लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और उन्हें आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 1 जुलाई से 30 अक्टूबर तक वनग्रामों के वनाधिकार पत्रों के निराकरण का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान में डिंडौरी जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

– नशामुक्ति की दिलाई शपथ, मेधावियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने उपस्थित सभी लोगों को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया।

समारोह में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ सामग्री एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्योहार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री नरेन्द्र राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक सोलंकी, डिंडौरी एवं शहपुरा एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

संबंधित ख़बरें