– एडीएम-एसडीएम को प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
डिंडौरी। जिले में मनरेगा मजदूरों की लगभग 42 करोड़ रुपये से अधिक लंबित मजदूरी के मुद्दे को लेकर सियासत गरमा गई है। चार महीने से मजदूरी भुगतान नहीं होने के विरोध में कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को चंद्रविजय महाविद्यालय तिराहा में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
12 फरवरी तक भुगतान की दी थी चेतावनी
विगत दिनों विधायक मरकाम ने कलेक्टर को राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 12 फरवरी तक मनरेगा मजदूरी का भुगतान करने की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि तय समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में धरना-प्रदर्शन के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 12 फरवरी 2026 की स्थिति में जिले की लंबित मनरेगा मजदूरी राशि 44 करोड़ 39 लाख 11 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इसके अलावा जनमन आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि भी पिछले छह महीनों से लंबित बताई गई है।
रैली निकालकर व्यापारियों से मांगी भीख
भुगतान न होने पर विधायक मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्रविजय महाविद्यालय तिराहा से पुरानी डिंडौरी चौराहा तक रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर के दुकानदारों से मजदूरों की मजदूरी भुगतान के लिए प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगी।
रैली के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार और मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। भीख में जुटाई गई 5300 रुपये की राशि ज्ञापन के साथ एडीएम और एसडीएम को सौंप दी गई।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि चार महीनों से मजदूरों को उनकी मजदूरी नहीं मिल पा रही है, जिससे वे आर्थिक संकट में हैं। जिले में मेला-मड़ई का दौर चल रहा है और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक पर्व के आयोजन हैं, लेकिन मजदूरों के पास उत्सव मनाने तक के लिए धन नहीं है।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन की अनुमति तक नहीं दी गई, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक ओमकार सिंह मरकाम, पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र सिंह मरावी, जावेद इकबाल, लोकेश पटेरिया, संतोष मरकाम, महेंद्र ठाकुर, राजेश पटले, चमरू चर्चचढ़िया, लियाकत अली, रामसिंह, अमर सिंह मार्को, अमित गुप्ता, अमित कछवाहा, अनिल धुर्वे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मजदूरों के हित में आंदोलन तेज करने की चेतावनी
विधायक मरकाम ने कहा कि यदि शीघ्र ही मनरेगा मजदूरी और आवास योजनाओं की लंबित राशि का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर मजदूरों और गरीब हितग्राहियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती है।








