—Advertisement—

होम /

Mandla News: मंडला में आईजी ललित शाक्यवार का पहला दौरा: ई-FIR, नारकोटिक्स और इंटेलीजेंस मजबूत करने के दिए निर्देश

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 12, 2026

—Advertisement—

– अधिकारियों की बैठक एवं पत्रकार वार्ता संपन्न

मंडला। पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन श्री ललित शाक्यवार ने 11 फरवरी 2026 को मंडला जिले का प्रथम आधिकारिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण, नारकोटिक्स प्रकरणों में सख्ती, ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

भ्रमण की शुरुआत में आईजी श्री शाक्यवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंडला का निरीक्षण किया। उन्होंने शासन द्वारा प्रस्तावित नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय हेतु चिन्हित स्थल का अवलोकन किया तथा कार्यालयीन स्टाफ से संवाद स्थापित कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, सभी एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। आईजी ने निर्देश दिए कि ई-एफआईआर एवं जीरो एफआईआर के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नारकोटिक्स से जुड़े अपराधों पर सख्त निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने, ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन से सतत संवाद बनाए रखने, नाबालिग बालक-बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने और जिले के नक्सल मुक्त होने के बाद इंटेलीजेंस तंत्र को और मजबूत करने पर बल दिया। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और उनके प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के उपरांत पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। प्रेस से चर्चा करते हुए आईजी श्री शाक्यवार ने अपराधमुक्त बालाघाट जोन के लक्ष्य को दोहराया और कहा कि पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस चौपाल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए आमजन की सहभागिता बढ़ाने की बात कही। साथ ही हेलमेट के महत्व और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।

आईजी के इस प्रथम मंडला दौरे को पुलिस महकमे के लिए मार्गदर्शक और प्रेरक माना जा रहा है, जिससे जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत मिले ।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment