—Advertisement—

होम /

तेज रफ्तार बनी कहर: चरगांव के पास पलटा मालवाहक, महिलाओं-बच्चों समेत दो दर्जन घायल

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 11, 2026

—Advertisement—

– मेंहदवानी मार्ग पर चरगांव के पास हादसा, चीख-पुकार के बीच राहत-बचाव

Dindori News, डिंडौरी न्यूज। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेंहदवानी मार्ग पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चरगांव के पास तेज रफ्तार मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार महिला, पुरुष और बच्चों सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई तथा कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को लगभग 3:30 बजे मगरटगर क्षेत्र के पिपरहा गांव से ग्रामीण एक मालवाहक वाहन में सवार होकर धनगांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वाहन शहपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेंहदवानी मार्ग पर चरगांव के पास पहुंचा, तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। देखते ही देखते वाहन पलटकर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे में कई लोगों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

घायलों को एंबुलेंस एवं निजी वाहनों की मदद से शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जिला अस्पताल डिंडौरी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और मालवाहक वाहनों में सवारी करने से बचें। हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए

Dindori Accident News, Dindori Latest News, Dindori Breaking News, Dindori Today News,

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment