– जबलपुर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे चयनित खिलाड़ी, 29 अक्टूबर को भोपाल में भी मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
डिंडौरी न्यूज।जिला कबड्डी संघ डिंडौरी एवं खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में सीनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन नर्मदा पुल पार स्थित सामुदायिक भवन में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन शहडोल जोन की प्रतियोगिता के लिए किया गया।
शहडोल जोन की प्रतियोगिता में शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और डिंडौरी की टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डिंडौरी सहित संयुक्त जोन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पूरे जोन में दूसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन हुआ है। वहीं, जोन स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
– 23 अक्टूबर को जबलपुर में राज्य स्तरीय मुकाबला
चयनित खिलाड़ी 23 अक्टूबर 2026 को जबलपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को 29 अक्टूबर 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भी भाग लेने का अवसर मिलेगा। लगातार मिल रहे इन अवसरों से जिले के कबड्डी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
– इन खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिता में कमलेश कुमार मरावी, सुदेश मरावी, प्रदीप परस्ते, सुशील धुर्वे, श्याम धुर्वे, आसाराम, देवेंद्र कुमार, देवेंद्र सिंह, बलराम सिंह, वीरेंद्र यादव, संतोष पोशाम, गावस्कर, गजेंद्र और प्रवीण मरावी ने बेहतर प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की खेल प्रेमियों ने सराहना की और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
शहडोल और अनूपपुर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर विधायक ओमकार मरकाम, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे तथा भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, सीनियर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने जिले में कबड्डी को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कराने तथा उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के संबंध में सुझाव दिए।
– नियमित अभ्यास के लिए खिलाड़ियों से अपील
खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए चेतराम अहिरवार, ओम नमः शिवाय, लक्ष्मी बनावल, ललित कुमार, राम परस्ते, अजय मरावी और खेल अधिकारी मोहम्मद अहमद ने अपने सुझाव दिए। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे सुबह और शाम नर्मदा पुल पार स्थित सामुदायिक भवन में अभ्यास के लिए उपस्थित हों, ताकि नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से खेल कौशल को और बेहतर बनाया जा सके।
जिले के खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (AKFI)’ नाम से एक ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें जिले के खिलाड़ी जुड़ रहे हैं। इच्छुक खिलाड़ी इस ग्रुप से जुड़कर आने वाली प्रतियोगिताओं और खेल संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
