—Advertisement—

निर्माण श्रमिकों के हक की लड़ाई को मिलेगी कानूनी ताकत, सम्यक जैन विधिक तो कनिष्क कांसकार बने निर्माण सलाहकार

एडीटर: Chetram Rajpoot November 7, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– मध्य प्रदेश कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ ने जिला इकाई में की महत्वपूर्ण नियुक्तियां, श्रमिकों को विधिक परामर्श और निर्माण कार्यों में मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन

डिंडौरी न्यूज।निर्माण श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण, उनकी समस्याओं के निराकरण, विधिक जागरूकता तथा निर्माण कार्यों में तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ की डिंडौरी जिला इकाई ने महत्वपूर्ण पहल की है। महासंघ ने अधिवक्ता सम्यक जैन को जिला इकाई का विधिक सलाहकार तथा इंजीनियर/आर्किटेक्ट कनिष्क कांसकार को निर्माण सलाहकार नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों से संगठन को विधिक और तकनीकी दोनों क्षेत्रों में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा।

WhatsApp

महासंघ द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, नवनियुक्त विधिक सलाहकार अधिवक्ता सम्यक जैन निर्माण श्रमिकों से जुड़े श्रम कानूनों, उनके अधिकारों, श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न सुविधाओं के संबंध में संगठन को विधिक परामर्श प्रदान करेंगे। इसके साथ ही श्रमिकों के पंजीयन, नवीनीकरण और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक विधिक अभिमत तैयार करने, आवेदन एवं अभ्यावेदन प्रस्तुत करने तथा संबंधित विभागों और प्राधिकरणों के समक्ष समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर अधिकृत किए जाने के आधार पर विधिक पैरवी के माध्यम से श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सहयोग प्रदान करेंगे।

Advertisement

इसी क्रम में इंजीनियर/आर्किटेक्ट कनिष्क कांसकार को निर्माण सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों में तकनीकी गुणवत्ता, निर्माण सामग्री के उचित उपयोग, सुरक्षा मानकों और निर्धारित निर्माण प्रक्रियाओं के संबंध में महासंघ को विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। इसके अलावा निर्माण श्रमिकों के कौशल उन्नयन, तकनीकी जानकारी और सुरक्षित कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी सहयोग करेंगे।

– श्रमिक हितों को सशक्त बनाने की दिशा में पहल

WhatsApp

महासंघ की इन नियुक्तियों को निर्माण श्रमिकों के हितों को संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को अक्सर अपने अधिकारों, पंजीयन प्रक्रिया, कल्याणकारी योजनाओं और विभागीय प्रक्रियाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती। ऐसे में संगठन के साथ विधिक विशेषज्ञ की उपलब्धता श्रमिकों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करने में सहायक होगी।

वहीं, निर्माण सलाहकार की नियुक्ति से निर्माण कार्यों में तकनीकी जागरूकता, गुणवत्ता और श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। महासंघ का यह प्रयास श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण के साथ निर्माण क्षेत्र में बेहतर एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली विकसित करने की दिशा में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

महासंघ के पदाधिकारियों ने दोनों नवनियुक्त सलाहकारों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि अधिवक्ता सम्यक जैन और इंजीनियर/आर्किटेक्ट कनिष्क कांसकार के अनुभव एवं विशेषज्ञता से संगठन की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही निर्माण श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment