– रानी अवंतीबाई चौक से पुलिस ग्राउंड तक आयोजित हुई रन फॉर यूनिटी, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने सरदार पटेल के योगदान को किया याद
डिंडौरी न्यूज । भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अंतर्गत डिंडौरी जिला मुख्यालय में ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस दौड़ में जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
एकता दौड़ का शुभारंभ रानी अवंतीबाई चौक से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस ग्राउंड डिंडौरी पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में शामिल प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करना और नई पीढ़ी को उनके विचारों एवं आदर्शों से परिचित कराना रहा।
– सरदार पटेल ने रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर बनाया अखंड भारत : विधायक धुर्वे
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के समय देश में 500 से अधिक रियासतें थीं। इनमें से कई रियासतों का भारत में विलय आसान नहीं था। ऐसे चुनौतीपूर्ण दौर में सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के माध्यम से रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके प्रयासों से भारत को एक मजबूत और अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में बड़ी सफलता मिली।
विधायक धुर्वे ने कहा कि सरदार पटेल के इसी राष्ट्र निर्माण संबंधी योगदान को सम्मान देने और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। देशभर में आयोजित रन फॉर यूनिटी जैसे कार्यक्रम नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करने का माध्यम हैं।
– प्रतिभागियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
आयोजन के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा आपसी सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, रेडक्रॉस समिति चेयरमैन श्री नरेंद्र राजपूत, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ डिंडौरी श्री अशोक सोलंकी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री सुनील तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए नागरिकों को एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।
