आबादी भूमि पर मिला वैधानिक स्वामित्व का अधिकार, संपत्ति संबंधी विवादों के निराकरण और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने में मिलेगी मदद
डिंडौरी न्यूज । ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि का वैधानिक स्वामित्व अधिकार दिलाने के उद्देश्य से संचालित स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में ग्राम तेंदुमेर मोहतरा ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ग्राम में योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियों का वितरण पूरा कर लिया गया है। इस अवसर पर शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के स्वामित्व संबंधी रजिस्ट्रियां वितरित कीं।
रजिस्ट्री वितरण के दौरान विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि स्वामित्व योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से आबादी भूमि पर निवास कर रहे परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान करना है। योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के स्वामित्व का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें संपत्ति पर अपने अधिकार का प्रमाण प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि स्वामित्व दस्तावेज मिलने से ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति के अधिकारों को लेकर कानूनी सुरक्षा मिलेगी। साथ ही भविष्य में संपत्ति संबंधी विवादों के निराकरण में भी यह दस्तावेज महत्वपूर्ण साबित होंगे। स्वामित्व प्रमाण-पत्र के माध्यम से ग्रामीण अपनी संपत्ति का बेहतर प्रबंधन और नियमानुसार हस्तांतरण कर सकेंगे। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने में भी इन दस्तावेजों से मदद मिल सकती है।
– ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
स्वामित्व योजना का उद्देश्य केवल आबादी भूमि का दस्तावेज उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति के आर्थिक उपयोग के अवसर प्रदान करना भी है। वैधानिक स्वामित्व मिलने से ग्रामीणों में संपत्ति अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिलेगी।
ग्राम तेंदुमेर मोहतरा में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियों का वितरण पूरा होना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रजिस्ट्रियां प्राप्त होने पर हितग्राहियों में प्रसन्नता देखी गई। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि का कानूनी अधिकार मिलने से संपत्ति संबंधी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।



