डिंडौरी न्यूज। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में 30 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम डिण्डौरी श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री अक्षय डिगरसे, सुश्री प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट खेल मैदान में प्रातः 11 बजे से स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ प्रदेश एवं जिले की गौरवशाली उपलब्धियों और उत्कृष्ट कार्यों से जुड़े गौरव चरित्रों पर केंद्रित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन एवं विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियां शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण की जाएं तथा आयोजन की रूपरेखा जिले के प्रभारी को अवगत कराते हुए उनके परामर्श से अंतिम रूप दिया जाए। स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर की रात्रि में जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को अपने-अपने कार्यालय भवनों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
समारोह में विधायक, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिवारों तथा उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित करने वाले स्व-सहायता समूहों एवं स्टार्टअप के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया गया। प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड की व्यवस्था सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा की जाएगी। प्रशस्ति पत्र कलेक्टर के पूर्व अनुमोदन से तैयार कराए जाएंगे। समारोह में मंच संचालन का दायित्व सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के क्रीड़ा प्रभारी श्री पुरुषोत्तम राजपूत को सौंपा गया है।
