—Advertisement—

निःशुल्क इलाज का झांसा या आयुष्मान योजना में सेंधमारी? ग्रामीणों को जबलपुर ले जाने पर FIR दर्ज

एडीटर: Chetram Rajpoot October 31, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– निःशुल्क उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधा का झांसा देने का आरोप

– दो वाहनों से ले जाए जा रहे थे ग्रामीण; कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

डिंडौरी न्यूज । आयुष्मान भारत योजना के नाम पर ग्रामीणों को कथित तौर पर गुमराह कर जबलपुर ले जाने और शासकीय स्वास्थ्य योजना के दुरुपयोग की आशंका से जुड़ा मामला सामने आया है। शहपुरा तहसील क्षेत्र के ग्राम पिपरिया माल एवं कौआझिर के ग्रामीणों को निःशुल्क उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने का भरोसा देकर जबलपुर ले जाया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में एसडीएम शहपुरा एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच और प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना शहपुरा में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ व्यक्ति ग्राम पिपरिया माल एवं कौआझिर क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने साथ जबलपुर ले जा रहे थे। बताया गया कि संबंधित व्यक्तियों ने स्वयं को जबलपुर स्थित सुखसागर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बताते हुए ग्रामीणों को निःशुल्क इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। इसके बाद ग्रामीणों को वाहन क्रमांक MP 20 PA 1209 एवं MP 20 XE 2539 से जबलपुर ले जाया जा रहा था।

– बिना अनुमति ग्रामीणों को ले जाने की शिकायत

शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा दिलाने के नाम पर ले जाने की यह गतिविधि जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अनुमति अथवा अनुशंसा के बिना संचालित की जा रही थी। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

– स्वास्थ्य परीक्षण में नहीं मिले गंभीर बीमारी के लक्षण

प्रशासनिक एवं पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान वाहनों में सवार ग्रामीणों का खंड चिकित्सा अधिकारी शहपुरा के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। प्रारंभिक जांच में किसी भी मरीज में गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए। वहीं शिकायत में यह आशंका भी जताई गई कि ग्रामीणों के आयुष्मान भारत योजना कार्ड और उपचार के नाम पर शासकीय योजना की राशि का अनुचित तरीके से उपयोग किया जा सकता था। इस संबंध में ग्रामीणों के बयान दर्ज कर अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की गई।

– बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज, पुलिस ने शुरू की विवेचना

प्राप्त शिकायत एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना शहपुरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4), 61(2), 3(5) सहित अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक मनीराम मरावी को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित व्यक्तियों, दोनों वाहनों, ग्रामीणों के बयान तथा उपचार एवं आयुष्मान भारत योजना से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

– स्वास्थ्य योजनाओं के नाम पर गुमराह करने वालों पर प्रशासन सख्त

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के नाम पर ग्रामीणों को गुमराह करने अथवा योजनाओं के दुरुपयोग से जुड़ी किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा। ग्रामीणों से अपील की गई है कि निःशुल्क उपचार अथवा आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति के बहकावे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

 

 

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment