—Advertisement—

जिला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा की छटा, कला-संस्कृति और साहित्य का दिखा संगम

एडीटर: Chetram Rajpoot October 30, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन में युवाओं ने दिखाई रचनात्मकता

– विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मिला सम्मान

डिंडौरी न्यूज । शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में जिले के युवाओं ने लोककला, संगीत, नाट्य, चित्रकला और साहित्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों और संस्थानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, महामंत्री श्री सुधीर दत्त तिवारी, पूर्व विधायक श्री दुलीचंद रहती, सामाजिक कार्यकर्ता श्री राजेंद्र पाठक, मीडिया प्रभारी श्री राज साहू, श्री अजय बर्मन, संगीत महाविद्यालय के डायरेक्टर श्री केहर सिंह वर्मा, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री राजेंद्र कुमार जाटव, जिला खेल अधिकारी श्री मो. अहमद खान, एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

– पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाया हुनर

जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डिंडौरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी द्वितीय तथा शासकीय महाविद्यालय गाड़ासरई तृतीय स्थान पर रहा।

समूह लोकगीत प्रतियोगिता में कन्या शिक्षक परिसर समनापुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी द्वितीय तथा शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डिंडौरी तृतीय स्थान पर रहा।

इसी तरह नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी महाविद्यालय डिंडौरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी द्वितीय तथा मॉडल स्कूल करंजिया तृतीय स्थान पर रहा।

व्यक्तिगत विधाओं में भी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया। चित्रकला प्रतियोगिता में दीप ज्योति यादव ने प्रथम, लक्षिता कांसी ने द्वितीय तथा यशी पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कविता लेखन प्रतियोगिता में कार्तिक कुमार श्याम प्रथम, कुसुम कली मार्को द्वितीय तथा केसरी नंदा तृतीय स्थान पर रहीं।

– युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति : विधायक मरकाम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। जिला स्तरीय युवा उत्सव युवाओं की कला, संस्कृति एवं साहित्यिक प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा जिला एवं प्रदेश स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि डिंडौरी जिले की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। बैगा लोक नृत्य के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित श्री अर्जुन सिंह धुर्वे तथा गोंडी चित्रकला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित श्री भज्जू सिंह श्याम एवं श्रीमती दुर्गावती श्याम ने जिले का गौरव बढ़ाया है। इन विभूतियों का उदाहरण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से अपनी कला, लोक संस्कृति, नृत्य एवं चित्रकला के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन करने और अपनी विशिष्ट पहचान बनाकर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

– लोक संस्कृति के संरक्षण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : रूद्रेश परस्ते

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने कहा कि युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। डिंडौरी जिला जनजातीय कला, लोक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। यहां के युवाओं में विभिन्न विधाओं में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य में बेहतर अवसर हासिल करने की प्रेरणा मिलती है। युवाओं को अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ शिक्षा, कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

– आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न टीमों का रहा योगदान

युवा उत्सव के सफल आयोजन में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश तोमर एवं विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से सुश्री आरती सोंधिया, श्री चेतराम अहिरवार, श्री रोशन बाबू झरिया, श्री राजकुमार, श्रीमती लक्ष्मी बनावल, श्रीमती संतोषी, श्रीमती सुनीता, श्री सुखना, श्री पुरुषोत्तम राजपूत, श्री नारायण, श्रीमती ऊषा मनकपुरी, श्रीमती मनीषा सहित अन्य कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया।

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन एवं परिणाम निर्धारण में श्री शक्ति पटेल, श्रीमती विधि तिवारी, श्री मुकेश कुमार मीणा, डॉ. विजलेश धुर्वे एवं सुश्री वैशाली धुर्वे ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन एकलव्य विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री आशीष मिश्रा ने किया।

जिला स्तरीय युवा उत्सव ने जिले के युवाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं साहित्यिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। आयोजन के माध्यम से जहां युवा प्रतिभाओं को मंच मिला, वहीं जिले की लोककला, सांस्कृतिक परंपराओं और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment