—Advertisement—

Dindori Crime News: गांजा तस्करी पर कार्रवाई, 6.228 किलो गांजा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

एडीटर: Chetram Rajpoot October 31, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित 1.65 लाख रुपये की सामग्री जब्त, शाहपुर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी

डिंडौरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शाहपुरा पुलिस को गांजा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई में सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 किलो 228 ग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 65 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं के जीवन और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी नेटवर्क को समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शहपुरा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए शाहपुरा पुलिस टीम ने ग्राम आनाखेड़ा टिकरिया से ग्राम सिलहरी एवं ग्राम मक्के के बीच स्थित पक्की सड़क पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP52 MB 0689 से जा रहे भारत सिंह उर्फ रामकुमार पारासर (39 वर्ष), पिता तोक सिंह पारासर, निवासी वार्ड क्रमांक 11 डिंडौरी को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से 6 किलो 228 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में गांजा सहित तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये, मोटरसाइकिल की कीमत 65 हजार रुपये तथा वीवो मोबाइल फोन की कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 1 लाख 65 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

– एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी भारत सिंह उर्फ रामकुमार पाराशर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 279/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय डिंडौरी के समक्ष पेश किया गया।

– इनकी रही सराहनीय भूमिका

गांजा तस्करी के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक केवल सिंह परते, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव, आरक्षक 263 रोहित मरकाम, आरक्षक 56 दीपक धुर्वे, आरक्षक 396 मनोज तिवारी एवं महिला आरक्षक 112 पल्लवी पाराशर की सराहनीय भूमिका रही।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment