– मारगांव निवासी सरवन गौतम ने किया ओ पॉजिटिव रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील
डिंडौरी न्यूज। जिला चिकित्सालय डिंडौरी में उपचाररत ग्राम नान डिंडौरी निवासी गर्भवती महिला की जान उस समय संकट में पड़ गई, जब जांच में उसका हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 3 ग्राम पाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। समय पर रक्त नहीं मिलने की स्थिति में उसकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
जैसे ही महिला को रक्त की आवश्यकता की जानकारी समाजसेवी सरवन गौतम, निवासी ग्राम मारगांव, को मिली, वे बिना देर किए जिला चिकित्सालय पहुंचे और स्वेच्छा से ओ पॉजिटिव रक्त दान किया। उनके रक्तदान से गर्भवती महिला का उपचार समय पर शुरू हो सका और उसकी जान बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
समाजसेवी सरवन गौतम ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं से डरने की आवश्यकता नहीं है। स्वस्थ व्यक्ति सुरक्षित तरीके से रक्तदान कर सकता है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी या स्वास्थ्य संबंधी नुकसान नहीं होता।
उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से भी आगे आकर रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी मरीज को रक्त के अभाव में अपनी जान न गंवानी पड़े।












