—Advertisement—

Dindori News: युवाओं को कानून, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद आयोजित

एडीटर: Chetram Rajpoot October 27, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

 – शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय में 250 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, डायल-112 की कार्यप्रणाली का किया गया व्यावहारिक प्रदर्शन

डिंडौरी न्यूज। सामुदायिक पुलिसिंग प्रभाग, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद योजना के अंतर्गत शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डिण्डौरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस दौरान पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कानून, नागरिक अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सुरक्षा संबंधी समझ विकसित करने तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

        कार्यक्रम में मानव अधिकार, संवैधानिक साक्षरता, आपराधिक न्याय व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा कानून, जेंडर संवेदनशीलता, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा एवं हिंसा की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, कल्याण तथा आत्महत्या की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रथम प्रतिक्रियादाता के रूप में पुलिस की भूमिका और डायल-112 की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने युवाओं को सतर्क रहने, कानून का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी।

       कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए संवाद सत्र आयोजित किया गया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे चर्चा कर उनकी शंकाओं का निराकरण किया तथा उन्हें साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशे के दुष्प्रभाव और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति सजग रहने की समझाइश दी। डायल-112 के माध्यम से आपातकालीन घटना की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस किस प्रकार मौके पर पहुंचकर कार्यवाही करती है, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। इससे विद्यार्थियों को आपातकालीन पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

    कार्यक्रम में पुलिस विभाग से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शहपुरा श्री अजय तिवारी, थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक श्री सुभाषचन्द्र उइके, रक्षित निरीक्षक श्री अभिनव राय, निरीक्षक श्री संजय सिंह धुर्वे, निरीक्षक श्री मनोज कुमार धुर्वे, उप निरीक्षक श्रीमती गंगोत्री तुरकर, प्रधान आरक्षक श्री मुकेश प्रधान, महिला आरक्षक श्रीमती भगवती रावत एवं महिला आरक्षक श्रीमती अंजली उइके उपस्थित रहे। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से वरिष्ठ प्राध्यापक श्री पी.सी. उइके, सहायक प्राध्यापक डॉ. संगीता श्याम, सहायक प्राध्यापक श्री देवेन्द्र गवले तथा खेल अधिकारी श्री मो. आमिर खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment