—Advertisement—

जन सुरक्षा युवा संवाद: 250 विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया रूबरू

एडीटर: Chetram Rajpoot October 28, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

–  जन सुरक्षा युवा संवाद: 250 विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया रूबरू

– युवा सृजन संवाद के तहत पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल, थाना कोतवाली के भ्रमण से विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

डिंडौरी न्यूज। युवाओं को कानून, साइबर सुरक्षा और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद योजना के अंतर्गत शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डिंडौरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन की संयुक्त पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों को मानव अधिकार, संवैधानिक साक्षरता, आपराधिक न्याय व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा कानून, साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई।

सामुदायिक पुलिसिंग प्रभाग, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जेंडर संवेदनशीलता, सड़क सुरक्षा, नशा एवं हिंसा निवारण, डायल-112 की उपयोगिता, मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कानूनी प्रावधानों से परिचित कराने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

– थाना भ्रमण से समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

योजना के अगले चरण में 28 अक्टूबर को विद्यार्थियों को थाना कोतवाली, डिंडौरी का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया, अपराधों की रोकथाम और शिकायतों के निराकरण से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपायों से भी अवगत कराया गया।

थाना भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। इस पहल का उद्देश्य पुलिस एवं युवाओं के बीच संवाद को बढ़ावा देना, आपसी विश्वास मजबूत करना तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों की समझ विकसित करना रहा।

– सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

कार्यक्रम के दौरान युवाओं में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और साइबर एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि जागरूकता, सतर्कता और जिम्मेदार व्यवहार के माध्यम से अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित सामाजिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद जैसी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून और सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी देने के साथ पुलिस तथा आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

– पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस शहपुरा श्री अजय तिवारी, यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक श्री सुभाषचन्द्र उइके, थाना प्रभारी कोतवाली श्री दुर्गाप्रसाद नगपुरे, रक्षित निरीक्षक श्री अभिनव राय, निरीक्षक श्री संजय सिंह धुर्वे, निरीक्षक (अ) श्री मनोज कुमार धुर्वे, उप निरीक्षक श्रीमती गंगोत्री तुरकर, प्रधान आरक्षक श्री मुकेश प्रधान, महिला आरक्षक श्रीमती भगवती रावत एवं महिला आरक्षक श्रीमती अंजली उइके की सहभागिता रही। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग की ओर से वरिष्ठ प्राध्यापक श्री पी.सी. उइके, सहायक प्राध्यापक डॉ. संगीता श्याम, सहायक प्राध्यापक श्री देवेन्द्र गवले एवं खेल अधिकारी श्री मो. आमिर खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment