– स्वच्छता अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी पर जोर
– सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण समय पर निपटाने और शिविर लगाकर आयुष्मान-आधार कार्ड बनाने के दिए निर्देश
डिंडौरी न्यूज । जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर और मौके पर ही मिलना चाहिए। आमजन से जुड़ी शिकायतों और लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, शहपुरा एसडीएम इरफान फरहान जामदार, बजाग एसडीएम पुष्पेंद्र अहके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
– सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी
बैठक में सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान 50 से 100 दिवस तक लंबित शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता से सीधे समन्वय स्थापित कर उसकी समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। केवल औपचारिक जवाब देकर शिकायतों का निराकरण न माना जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित होनी चाहिए। सभी विभागों को लंबित शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण के साथ विभागवार प्रगति में स्पष्ट सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
– स्वच्छता अभियान में अधिकारी-कर्मचारी भी निभाएं सक्रिय भूमिका
सीईओ ने जिलेभर में व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान महज औपचारिक गतिविधि बनकर नहीं रहना चाहिए। इसमें सभी अधिकारी और कर्मचारी स्वयं सक्रिय सहभागिता निभाएं। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि अभियान का वास्तविक असर धरातल पर दिखाई दे।
– सेवानिवृत्ति के बाद भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाएं कर्मचारी
लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं की समय रहते जांच कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। पेंशन एवं अन्य स्वत्वों से संबंधित प्रकरणों का निराकरण कर्मचारी की सेवानिवृत्ति से पहले सुनिश्चित किया जाए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम जिन कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति संबंधी प्रकरणों का निराकरण कर रहे हैं, भविष्य में हम भी इसी प्रक्रिया से गुजरेंगे। इसलिए यह समझना जरूरी है कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके अधिकारों और स्वत्वों के भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
– शिविरों के माध्यम से बनाए जाएंगे आयुष्मान और आधार कार्ड
बैठक में सीईओ ने विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड तथा समग्र ई-केवाईसी बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए और आवश्यक दस्तावेज एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मौके पर ही व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक के अंत में सीईओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और निर्धारित समयावधि में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यों की प्रगति से अवगत कराने को कहा।



