—Advertisement—

साइबर अपराधों पर शिकंजा कसने वाले डिंडौरी के दो पुलिसकर्मियों को राज्य स्तर पर मिलेगा नकद पुरस्कार

एडीटर: Chetram Rajpoot November 17, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले संदिग्ध पीओएस धारकों और एजेंटों के खिलाफ ‘ऑपरेशन FASTM 2.0’ में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

– प्रदेश के 41 पुलिसकर्मियों को एक-एक हजार रुपये से किया जाएगा पुरस्कृत

WhatsApp

भोपाल/ डिंडौरी। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और फर्जी सिम कार्ड के जरिए होने वाली आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने वाले डिंडौरी जिले के दो पुलिसकर्मियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी आदेश में जिले के प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान और आरक्षक जगदीश प्रसाद को एक-एक हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। दोनों पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले संदिग्ध पीओएस धारकों एवं एजेंटों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल से 16 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार गृह मंत्रालय, भारत सरकार के आई4सी (Indian Cyber Crime Coordination Centre) एवं दूरसंचार विभाग (DoT) से प्राप्त इनपुट के आधार पर प्रदेश में साइबर अपराधों में प्रयुक्त फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले संदिग्ध पीओएस धारकों एवं एजेंटों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस महानिदेशक की अनुमति से प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑपरेशन ‘FASTM 2.0’ संचालित किया गया।

Advertisement

– 100 अपराध दर्ज, 156 लोगों को बनाया आरोपी

आदेश में उल्लेख किया गया है कि ऑपरेशन FASTM 2.0 के अंतर्गत मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में अब तक लगभग 100 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। इन प्रकरणों में करीब 156 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से वर्तमान स्थिति तक 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्ड के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए चलाए गए इस अभियान की आई4सी, गृह मंत्रालय (MHA), दूरसंचार विभाग (DoT) एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी सराहना की गई है।

WhatsApp

– डिंडौरी के मुकेश प्रधान और जगदीश प्रसाद को मिलेगा पुरस्कार

ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रदेश के विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय ने 41 पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। जारी सूची में डिंडौरी जिले से प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान और आरक्षक जगदीश प्रसाद का नाम शामिल है। दोनों को एक-एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

जारी सूची में भोपाल, टीकमगढ़, ग्वालियर, छतरपुर, शिवपुरी, सतना, रीवा, निवाड़ी, खरगोन, विदिशा, राजसेन, सिवनी, देवास, रतलाम, खंडवा, डिंडौरी, पन्ना, इंदौर, जबलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।

राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अरुणमान यादव द्वारा जारी इस आदेश में संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों एवं अधिकारियों को आवश्यक सूचना और कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि भी भेजी गई है।

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच फर्जी सिम कार्ड जारी करने वाले नेटवर्क के विरुद्ध की गई कार्रवाई में डिंडौरी के दो पुलिसकर्मियों का चयन जिले के लिए उपलब्धि माना जा रहा है।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment