—Advertisement—

जनसुनवाई में किसानों से लेकर ग्रामीणों तक ने रखीं समस्याएं, सीईओ ने अधिकारियों को सौंपी जांच की जिम्मेदारी

एडीटर: Chetram Rajpoot November 17, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– भाखा बांध से समय पर पानी नहीं मिलने से धान की फसल बर्बाद होने पर डेढ़ लाख रुपये मुआवजे की मांग

– सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को दिए जांच और समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

WhatsApp

डिंडौरी न्यूज। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दिव्यांशु चौधरी ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिन प्रकरणों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर समयबद्ध कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

जनसुनवाई में सामने आए आवेदनों में किसानों की फसल क्षति, अनुकंपा नियुक्ति, निर्माण कार्य की लंबित राशि, आबादी भूमि के स्वामित्व और जर्जर स्कूल भवन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे। इन मामलों में सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Advertisement

– भाखा बांध से समय पर पानी नहीं मिलने से फसल बर्बाद, डेढ़ लाख मुआवजे की मांग

ग्राम अमरपुर निवासी कृष्णा सोनी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि सिंचाई विभाग के अमरपुर स्थित भाखा बांध से समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी धान की पूरी फसल नष्ट हो गई। इससे उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। उन्होंने फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ जिला पंचायत ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

WhatsApp

– पिता की मृत्यु के बाद भी नहीं मिली अनुकंपा नियुक्ति

अनुकंपा नियुक्ति का मामला भी जनसुनवाई में पहुंचा। आवेदक मनोज कुमार आर्मो ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय प्रेमसिंह आर्मो जनपद पंचायत अमरपुर में पंचायत समन्वय अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। 12 अगस्त 2026 को उनके पिता का आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद भी उन्हें अनुकंपा नियुक्ति प्रदान नहीं की गई है। उन्होंने नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की मांग की। इस पर संबंधित विभागीय अधिकारी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

– सीसी सड़क निर्माण की 81 हजार 500 रुपये की राशि लंबित

ग्राम पंचायत सरसी रैयत, विकासखंड मेहंदवानी निवासी सुकरत दास महंत ने ग्राम पंचायत चिरपोटी के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में मेन रोड से धनेश्वर के घर तक निर्मित सीसी सड़क के कार्य की लंबित 81 हजार 500 रुपये की राशि का भुगतान कराने की मांग की। इस पर संबंधित अधिकारी को निर्माण कार्य एवं भुगतान संबंधी प्रकरण की जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

– स्वामित्व योजना में गलत रजिस्ट्री का आरोप, जांच के निर्देश

ग्राम भाजीटोला निवासी बलभद्र सिंह ने अपनी कब्जा एवं स्वामित्व की आबादी भूमि को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ब्लॉक संख्या 22, भूखंड क्रमांक 98, रकबा 17 वर्गमीटर भूमि पर उनका मकान बना हुआ है। आरोप है कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत उक्त भूमि की श्री परसराम द्वारा कथित रूप से गलत तरीके से रजिस्ट्री करा ली गई है। आवेदक ने संबंधित रजिस्ट्री निरस्त कर भूमि का पंजीयन अपने नाम से कराने की मांग की। मामले में सीईओ जिला पंचायत ने नायब तहसीलदार समनापुर को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

– 130 बच्चों की सुरक्षा पर सवाल, जर्जर स्कूल भवन के स्थान पर नए भवन की मांग

जनसुनवाई में ग्राम पंचायत मनौरी, जनपद पंचायत अमरपुर के ग्रामीणों ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मनौरी के जर्जर भवन का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन अत्यंत जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है, जहां कक्षा पहली से आठवीं तक के लगभग 130 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए नवीन स्कूल भवन स्वीकृत करने की मांग की गई। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने डीपीसी डिंडौरी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

– जनसुनवाई में नागरिकों को मिली स्वास्थ्य जांच की सुविधा

जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों को समस्याओं के निराकरण के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के आधार पर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी शिकायतें प्रस्तुत करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिला।

– समय-सीमा में हो जनसमस्याओं का निराकरण : सीईओ

सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार परीक्षण किया जाए। जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए अधिकारी केवल आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आवेदकों को समय पर राहत मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment